File Image: Priyank Panchal
File Image: Priyank Panchal
रोहित शर्मा की हैमस्ट्रिंग की चोट की वजह से प्रियांक पांचाल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है. 31 वर्षीय प्रियांक इंडियन डोमेस्टिक सर्किट में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. वह इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए एक स्टैंड-बाय खिलाड़ी के रूप में भारत की टीम का हिस्सा बन चुके हैं. रोहित के आउट होने के साथ, केएल राहुल और मयंक अग्रवाल के बाद प्रियांक टीम में तीसरे स्पेशलिस्ट सलामी बल्लेबाज होंगे.
इंडियन डोमेस्टिक सर्किट के सबसे अच्छे सलामी बल्लेबाजों में से एक
प्रियांक इंडियन डोमेस्टिक सर्किट में सबसे अच्छे सलामी बल्लेबाजों में से एक है. फर्स्ट क्लास के 100 मैचों के अनुभव के साथ, पांचाल ने 7000 से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें 24 शतक और 25 अर्द्धशतक शामिल हैं. 2016-17 के रणजी ट्रॉफी सत्र में प्रियांक ने पंजाब के खिलाफ नाबाद 314 रन बना कर अपना सिक्का जमा दिया था. उसी साल प्रियांक ने 1300 से अधिक रन बनाए थे.
अपनी बल्लेबाजी के दम पर गुजरात को दिलाई पहली रणजी ट्रॉफी
एक सलामी बल्लेबाज होने के अलावा, प्रियांक दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज भी हैं, हालांकि अभी उनके खाते में अभी सिर्फ 22 विकेट ही हैं. उन्होंने हमेशा अपनी टीम को मुश्किल हालातों से उबारा है. अपनी बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने 2016-17 में गुजरात को उसका पहला रणजी ट्रॉफी का खिताब दिलाया था. प्रियांक ने अगले सीज़न में भी शानदार प्रदर्शन किया और सात मैचों में सबसे अधिक 542 रन बनाए. जहां 2018-19 की रणजी ट्रॉफी में, प्रियांक ने नौ मैचों में 898 रन बनाए, वहीं उसी साल के विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने अपनी टीम के लिए 367 रन का योगदान दिया.
वेस्टइंडीज के खिलाफ बने प्लेयर ऑफ द मैच
2019 में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए, प्रियांक ने 160 रन बनाए थे. लेकिन प्रियांक की अब तक की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक, उसी साल वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई उनकी पारी थी. पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में, जिस दिन 19 विकेट गिर गए थे, प्रियांक ने पहली पारी में 58 और दूसरी पारी में 68 रन बनाए थे. उस दिन भारत ए के मैच जीतने पर प्रियांक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था.
फर्स्ट क्लास मैचों में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड
प्रियंक पांचाल के भारतीय क्रिकेट टीम के वर्तमान कोच राहुल द्रविड़ के साथ अच्छे संबंध रहे हैं. प्रियांक ने क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में न्यूजीलैंड ए के खिलाफ शतक लगाया था, लेकिन इस बारे में उतनी बात नहीं की गई, क्योंकि शुभमन गिल ने इसी मैच में दोहरा शतक बना कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया था. हालांकि 2016-17 सीज़न के बाद से, भारत में फर्स्ट क्लास मैचों में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड प्रियांक के नाम है.