Wifi
Wifi
अगर आपके घर का Wi-Fi पहले की तरह तेज नहीं चल रहा है, तो जरूरी नहीं कि इसकी वजह इंटरनेट सेवा देने वाली कंपनी ही हो. कई बार हमारी रोजमर्रा की छोटी-छोटी गलतियां भी इंटरनेट की स्पीड कम कर देती हैं. राउटर की गलत जगह, एक साथ बहुत ज्यादा डिवाइस कनेक्ट होना या लंबे समय तक राउटर को रीस्टार्ट न करना जैसी वजहों से नेटवर्क की परफॉर्मेंस प्रभावित हो सकती है. कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप अपने Wi-Fi की स्पीड को बेहतर बना सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे...
राउटर की सही जगह चुनें
Wi-Fi राउटर की लोकेशन इंटरनेट स्पीड पर बड़ा असर डालती है. अगर राउटर किसी कोने, बंद अलमारी या मोटी दीवारों के पीछे रखा है, तो सिग्नल पूरे घर में ठीक से नहीं पहुंच पाता. ऐसे में कई कमरों में इंटरनेट धीमा चलता है. बेहतर सिग्नल के लिए राउटर को घर के बीच वाले हिस्से और खुली जगह पर रखना चाहिए.
एक साथ बहुत ज्यादा डिवाइस न जोड़ें
आजकल एक ही Wi-Fi से मोबाइल, लैपटॉप, स्मार्ट टीवी, टैबलेट और दूसरे कई डिवाइस जुड़े रहते हैं. सभी डिवाइस एक साथ इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं, जिससे उपलब्ध स्पीड सभी में बंट जाती है. अगर किसी एक डिवाइस पर बड़ी फाइल डाउनलोड हो रही हो या हाई क्वालिटी वीडियो चल रही हो, तो दूसरे डिवाइस पर इंटरनेट धीमा महसूस हो सकता है.
राउटर को समय-समय पर रीस्टार्ट करें
अगर राउटर कई दिनों तक लगातार चालू रहता है, तो उसकी परफॉर्मेंस प्रभावित हो सकती है. इससे इंटरनेट की स्पीड कम हो सकती है या नेटवर्क बार-बार डिस्कनेक्ट हो सकता है. ऐसे में समय-समय पर राउटर को रीस्टार्ट करना फायदेमंद माना जाता है. इससे अस्थायी तकनीकी दिक्कतें दूर हो जाती हैं और नेटवर्क बेहतर तरीके से काम करने लगता है.
राउटर का सॉफ्टवेयर अपडेट रखें
राउटर का सॉफ्टवेयर लंबे समय तक अपडेट न करने से भी इंटरनेट की परफॉर्मेंस प्रभावित हो सकती है. नए अपडेट सुरक्षा बढ़ाने के साथ नेटवर्क की स्थिरता और स्पीड में भी सुधार करते हैं. इसलिए समय-समय पर राउटर का फर्मवेयर अपडेट करना जरूरी है.
राउटर के आसपास इलेक्ट्रॉनिक उपकरण न रखें
माइक्रोवेव, ब्लूटूथ डिवाइस, वायरलेस स्पीकर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण वाई फाई सिग्नल में रुकावट पैदा कर सकते हैं. इससे इंटरनेट की स्पीड कम हो सकती है और नेटवर्क बार-बार टूट सकता है. बेहतर इंटरनेट अनुभव के लिए राउटर को ऐसी जगह रखें, जहां उसके आसपास इलेक्ट्रॉनिक न हो.
ये भी पढ़ें: