scorecardresearch

VIDEO CALL उठाया तो सामने थी न्यूड लड़की, अगले ही पल शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल, 26 साल के युवक से ठगे 49.78 लाख रुपए

YouTube अधिकारी ने युवक से कहा कि उसके नाम से दो न्यूड वीडियो सामने आए हैं. वीडियो हटाने के लिए पहले 71,250 रुपए देने होंगे. युवक ने डर के कारण रकम ट्रांसफर कर दी. लेकिन इसके बाद ठगों ने नई-नई वजह बताकर उससे और पैसे मांगने शुरू कर दिए.

Advertisement
nude video call nude video call
हाइलाइट्स
  • पहले वीडियो वायरल करने की धमकी दी

  • अनजान नंबर से आया वीडियो कॉल

अहमदाबाद में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें ठगों ने पहले युवक को न्यूड वीडियो कॉल के जरिए फंसाया और फिर पुलिस अधिकारी बनकर उसे गिरफ्तारी का डर दिखाया. करीब तीन हफ्ते तक अलग-अलग लोगों ने उससे संपर्क किया और वीडियो वायरल करने, नौकरी और करियर बर्बाद करने की धमकी देकर लगातार पैसे ट्रांसफर करवाते रहे. घबराए युवक ने आखिरकार करीब 49.78 लाख रुपए गंवा दिए.

अनजान नंबर से आया वीडियो कॉल
मामला 3 सितंबर 2026 की रात का है. अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में काम करने वाला 26 वर्षीय युवक घर पर मोबाइल चला रहा था. इसी दौरान उसके WhatsApp पर अनजान नंबर से वीडियो कॉल आया. युवक ने कॉल रिसीव किया तो सामने एक युवती न्यूड अवस्था में दिखाई दी. युवक ने तुरंत कॉल काट दिया और नंबर को ब्लॉक कर दिया. उसे लगा कि मामला यहीं खत्म हो गया, लेकिन कुछ देर बाद ठगों ने दोबारा संपर्क किया.

पहले वीडियो वायरल करने की धमकी दी
दोबारा कॉल करने वाले व्यक्ति ने युवक से कहा कि उसकी वीडियो रिकॉर्ड कर ली गई है. अगर उसने पैसे नहीं दिए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा. इसी दौरान युवक को एक वीडियो भी भेजा गया. डर के कारण उसने वीडियो डिलीट कर दिया. युवक ने उस समय ठगों को पैसे नहीं दिए. लेकिन ठगों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा. करीब तीन हफ्ते बाद उन्होंने एक नए तरीके से उसे डराना शुरू किया.

खुद को साइबर क्राइम अधिकारी बताकर डराया
27 सितंबर को युवक के पास एक अनजान नंबर से कॉल आया. फोन करने वाले ने खुद को दिल्ली साइबर क्राइम ब्रांच का अधिकारी संजय अरोड़ा बताया. उसने युवक पर न्यूड वीडियो से जुड़े अपराध का आरोप लगाया और कहा कि उसे सात साल तक की सजा हो सकती है और गिरफ्तारी भी हो सकती है. पुलिस अधिकारी की बात सुनकर युवक घबरा गया. इसके बाद कथित अधिकारी ने उसकी बात हेमंत मल्होत्रा नाम के एक व्यक्ति से कराई. उसने खुद को YouTube अधिकारी बताया.

71250 रुपए से शुरू हुई पैसों की मांग
कथित YouTube अधिकारी ने युवक से कहा कि उसके नाम से दो न्यूड वीडियो सामने आए हैं. वीडियो हटाने के लिए पहले 71,250 रुपए देने होंगे. युवक ने डर के कारण रकम ट्रांसफर कर दी. लेकिन इसके बाद ठगों ने नई-नई वजह बताकर उससे और पैसे मांगने शुरू कर दिए. कभी गिरफ्तारी का डर दिखाया गया, तो कभी वीडियो वायरल होने की धमकी दी गई. युवक को यह भी डराया गया कि इससे उसका करियर बर्बाद हो सकता है.

अलग-अलग खातों में करवाते रहे पैसे ट्रांसफर
डर और दबाव में युवक ठगों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में रकम भेजता रहा. शुरुआत में उसे लगा कि पैसे देने के बाद मामला खत्म हो जाएगा, लेकिन हर बार ठगों की नई मांग सामने आ जाती. इस तरह थोड़े-थोड़े करके युवक से कुल 49.78 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए गए. इतनी बड़ी रकम लेने के बाद भी जब ठगों ने पैसे मांगना बंद नहीं किया, तब युवक को शक हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है.

पुलिस कर रही बैंक खातों की जांच
इसके बाद युवक ने अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस अब उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें युवक से रकम ट्रांसफर कराई गई. साथ ही आरोपियों की पहचान और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

ये भी पढ़ें: