Representative Image
Representative Image
आज के समय में इनकम सर्टिफिकेट एक बेहद अहम दस्तावेज बन चुका है. सरकारी योजनाओं का लाभ लेना हो, सब्सिडी चाहिए हो, छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करना हो या फिर बैंक से लोन लेना हो लगभग हर जगह इसकी जरूरत पड़ती है. यह प्रमाण पत्र आपकी वार्षिक आय का रिकॉर्ड होता है, जिसे सभी सरकारी विभाग मान्यता देते हैं.
कुछ साल पहले तक आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे. लंबी कतारें, फाइलों का इंतजार और कई दिनों तक प्रक्रिया चलती रहती थी. लेकिन अब डिजिटल व्यवस्था ने इस काम को काफी आसान बना दिया है. ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आप घर बैठे आवेदन कर सकते हैं और समय की बचत कर सकते हैं.
ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल से करें शुरुआत
आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने के लिए सबसे पहले अपने राज्य के ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जाना होता है. हर राज्य का अपना अलग पोर्टल होता है, जहां नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं. उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश के नागरिक ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं या पहले से अकाउंट होने पर सीधे लॉगिन कर सकते हैं. लॉगिन के बाद सर्विसेज सेक्शन में जाकर आय प्रमाण पत्र का विकल्प चुनना होता है.
आवेदन फॉर्म और जरूरी दस्तावेज
आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी, आय से जुड़ा विवरण और अन्य आवश्यक जानकारियां भरनी होती हैं. इसके साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, वेतन पर्ची या आयकर रिटर्न जैसे जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होते हैं. सभी जानकारी सही तरीके से भरने के बाद निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर आवेदन सबमिट कर दिया जाता है.
आवेदन सबमिट करने के बाद आप पोर्टल पर ही अपने आवेदन की स्थिति आसानी से देख सकते हैं. आमतौर पर 10 से 15 दिनों के भीतर आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाता है. प्रमाण पत्र तैयार होने पर आपको एसएमएस या ईमेल के माध्यम से सूचना मिल जाती है, जिसे आप डाउनलोड भी कर सकते हैं.
ऑनलाइन प्रक्रिया के फायदे
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से न सिर्फ समय की बचत होती है, बल्कि दस्तावेज भी सुरक्षित रहते हैं. दफ्तरों की भागदौड़ और लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलती है. आज के डिजिटल दौर में आय प्रमाण पत्र बनवाना अब कोई मुश्किल काम नहीं रह गया है. कुछ आसान स्टेप्स अपनाकर आप इसे घर बैठे ही बनवा सकते हैं.