scorecardresearch

Whatsapp पर आ रहा Hi mum मैसेज लोगों से लूट चुका 57 करोड़ रुपये...क्या करें अगर आपके पास आता है ऐसा मैसेज

क्या आपको भी व्हाट्सएप पर Hi mum मैसेज आया. अगर हां और आपने उसे इग्नोर किया तो आप एक बड़े फ्रॉड का शिकार होने से बच गए. एक रिपोर्ट के अनुसार सोशल मीडिया पर Hi Mum या फैमिली इंपर्सनेशन स्कैम नाम से एक नया घोटाला चर्चा में है, जिसके कारण ऑस्ट्रेलिया में कई यूजर्स को 57 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.

Whatsapp 'Hi mum' fraud Whatsapp 'Hi mum' fraud
हाइलाइट्स
  • सोशल मीडिया प्रोफाइल को प्राइवेट रखें

  • किसी भी अनजान से आए मैसेज को इग्नोर करें

व्हाट्सएप एक लोकप्रिय सोशल मीडिया ऐप है जिसके दुनियाभर में 2 बिलियन से अधिक यूजर्स हैं. व्हाट्सएप यूजर्स को अपने परिवार और दोस्तों से जुड़ने, भुगतान भेजने या प्राप्त करने और बहुत कुछ करने की अनुमति देता है. वहीं इन सुविधाओं के साथ एक चीज जो बहुत तेजी से बढ़ रही है वो है व्हाट्सएप घोटाले. एक तरफ जहां व्हाट्सएप जालसाजों की संख्या कम करने के लिए काम कर रही है वहीं फ्राड लोग आए दिन जालसाजी से ठगी करने के नए तरीके ढूंढते रहते हैं.

द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के अनुसार, Hi Mum या फैमिली इंपर्सनेशन स्कैम नाम का एक नया घोटाला चर्चा में है, जिसके कारण ऑस्ट्रेलिया में कई यूजर्स को 2022 में 7 मिलियन डॉलर यानी कि 57 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. ऑस्ट्रेलियाई उपभोक्ता और प्रतिस्पर्धा आयोग (ACCC) के अनुसार, पिछले तीन महीनों में घोटाले के पीड़ितों की संख्या में दस गुना वृद्धि हुई है.

कैसे करता है काम ?
स्कैम करने के लिए स्कैमर एक ट्रिक का इस्तेमाल करता है. इसके जरिए विक्टिम के फोन पर एक मैसेज आता है जिसमें स्कैमर खुद को फैमिली मेंबर या दोस्त के तौर पर दिखाता है, एक ऐसा व्यक्ति जिसका फोन खो गया है या खराब हो गया है. एक बार जैसे ही वे पीड़ित का विश्वास पा लेते हैं, इसके बाद वो डिमांड करते हैं कि उन्हें मदद की आवश्यकता है, जो ज्यादातर मामलों में पैसों से जुड़ी होती है. पीड़ित तब उन्हें यह सोचकर पैसे भेजता है कि वे अपने बेटे/बेटी की मदद कर रहे हैं. लेकिन हकीकत में उन्हें ठगी का शिकार बनाया जा रहा होता है.

हालांकि, भारत में अभी तक ऐसे घोटाले की कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है. लेकिन फिर भी किसी के द्वारा फोन या मैसेज के जरिए संपर्क करने पर सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. पैसे भेजने से पहले हमेशा व्यक्ति की पहचान की दोबारा जांच करें.

ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए जानिए कुछ नियम...

- अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल को प्राइवेट रखें.

- जिन वेबसाइटों पर आप भरोसा नहीं करते, उनके अपना मोबाइल नंबर शेयर न करें.

- अपना ओटीपी किसी से शेयर न करें.

- अपने बैंक कार्ड का विवरण जैसे पिन और सीवीवी दूसरों के साथ शेयर न करें.

- विश्वसनीय और सुरक्षित वेबसाइटों से ही खरीदारी करें.

- सुरक्षित ब्राउजरों के माध्यम से इंटरनेट एक्सेस करें.

- अनजान नंबरों से आने वाले कॉल का जवाब न दें जिनपर आपको संदेह हो. 

-किसी अनजान नंबर से आए यूआरएल पर क्लिक ना करें.

- लेटेस्ट फर्मवेयर अपडेट के साथ अपने स्मार्टफोन और लैपटॉप को अपडेट रखें.