scorecardresearch

इस तरह करें ईयरबड्स और हेडफोन की सफाई, आवाज आएगी क्रिस्टल क्लीयर.. चलेंगे सालों साल

साफ सफाई न करने पर कानों में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. साफ-सुथरे गैजेट्स बेहतर अनुभव के साथ-साथ आपकी सेहत का भी ख्याल रखते हैं.

Representative Image Representative Image

आज के समय में ईयरबड्स, ईयरफोन और हेडफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का जरूरी हिस्सा बन चुके हैं. चाहे कॉल करना हो, ऑनलाइन मीटिंग अटेंड करनी हो या म्यूजिक सुनना, इन गैजेट्स का इस्तेमाल लगभग हर कोई करता है. लेकिन लगातार इस्तेमाल के कारण इन पर कान का मैल, धूल और चिकनाहट जमा होने लगती है, जो न सिर्फ इन्हें गंदा दिखाती है बल्कि कानों के लिए भी हानिकारक हो सकती है. ऐसे में इनकी नियमित सफाई बेहद जरूरी हो जाती है. अच्छी बात यह है कि आप कुछ आसान तरीकों से घर पर ही इन्हें मिनटों में साफ कर सकते हैं.

माइक्रोफाइबर कपड़े से करें बाहरी सफाई
सफाई की शुरुआत हमेशा बाहरी हिस्से से करनी चाहिए. इसके लिए माइक्रोफाइबर कपड़ा सबसे बेहतर होता है, क्योंकि यह सतह को बिना नुकसान पहुंचाए साफ करता है. कपड़े को हल्के गुनगुने पानी में भिगोकर निचोड़ लें और फिर धीरे-धीरे हेडफोन, ईयरबड्स या ईयरफोन की बाहरी सतह को पोंछें. इससे ऊपर जमी धूल और चिकनाहट आसानी से हट जाएगी और डिवाइस पहले से ज्यादा साफ नजर आएगा.

कॉटन स्वैब से करें बारीक सफाई
ईयरफोन और ईयरबड्स के छोटे-छोटे हिस्सों और ग्रिल में अक्सर गंदगी फंस जाती है, जिसे निकालना थोड़ा मुश्किल होता है. ऐसे में कॉटन स्वैब का इस्तेमाल करें. इसे सूखा या हल्का गीला करके धीरे-धीरे अंदर की गंदगी साफ करें. आप चाहें तो टूथपिक का भी उपयोग कर सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि इसे बहुत जोर से अंदर न डालें, वरना डिवाइस को नुकसान पहुंच सकता है.

इयरटिप्स की सफाई पर दें खास ध्यान
सबसे ज्यादा गंदगी इयरटिप्स पर जमा होती है, इसलिए इन्हें अलग से साफ करना जरूरी है. अगर आपके ईयरबड्स या ईयरफोन में रबर या सिलिकॉन इयरटिप्स हैं, तो पहले उन्हें सावधानी से निकाल लें. इसके बाद गुनगुने पानी और हल्के साबुन से इन्हें धो लें. पूरी तरह सूखने के बाद ही इन्हें दोबारा लगाएं. चाहें तो अतिरिक्त साफ-सफाई के लिए डिसइंफेक्टेंट वाइप्स का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

अगर आप इन आसान तरीकों को अपनी रूटीन में शामिल कर लेते हैं, तो आपके ईयरबड्स और हेडफोन न सिर्फ साफ रहेंगे, बल्कि लंबे समय तक बेहतर काम भी करेंगे.