YouTube Shorts Addiction
YouTube Shorts Addiction
आज के समय में यूट्यूब शॉर्ट्स लोगों के टाइम पास और एंटरटेनमेंट का बड़ा जरिया बन चुका है. कई बार यूजर्स सिर्फ कुछ मिनट के लिए ऐप खोलते हैं, लेकिन लगातार चलने वाली शॉर्ट्स फीड की वजह से घंटों तक स्क्रॉल करते रहते हैं. इसी लत को ध्यान में रखते हुए यूट्यूब ने अपने मोबाइल यूजर्स के लिए एक नया फीचर पेश किया है. इस फीचर की मदद से अब यूजर्स यूट्यूब शॉर्ट्स की एंडलेस स्क्रॉलिंग को रोक सकते हैं और अपने स्क्रीन टाइम पर बेहतर कंट्रोल पा सकते हैं.
यूट्यूब का यह नया अपडेट खासतौर पर एड्रॉयड और आईफोन यूजर्स के लिए लाया गया है. कंपनी ने ऐप में ऐसा ऑप्शन दिया है, जिससे यूजर्स शॉर्ट्स फीड टाइमर को जीरो मिनट पर सेट कर सकते हैं. ऐसा करने के बाद यूट्यूब की शॉर्ट्स फीड ऐप से लगभग हट जाएगी और लगातार चलने वाली वीडियो स्क्रॉलिंग बंद हो जाएगी.
पूरी तरह गायब नहीं होंगे शॉर्ट्स
बता दें कि शॉर्ट्स को पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा. यूजर्स अभी भी शॉर्ट्स वीडियो को सर्च रिजल्ट्स, सब्सक्रिप्शन फीड या दोस्तों द्वारा शेयर किए गए लिंक के जरिए देख सकेंगे. यानी यूट्यूब ने सिर्फ उस अनलिमिटेड स्क्रॉलिंग एक्सपीरिएंस को कम करने की कोशिश की है, जो अक्सर लोगों का ध्यान भटकाता है. इसके अलावा अगर कोई यूजर चाहे, तो वह इस लिमिट को मैनुअली इग्नोर करके शॉर्ट्स देखना जारी रख सकता है. यानी कंट्रोल पूरी तरह यूजर के हाथ में रहेगा.
बच्चों के स्क्रीन टाइम पर भी रहेगा कंट्रोल
यह नया फीचर उन पेरेंट्स के लिए भी काफी उपयोगी साबित हो सकता है, जो बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल को लेकर परेशान रहते हैं. शॉर्ट्स की टाइम लिमिट सेट करके बच्चे कितनी देर तक छोटे वीडियो देख सकते हैं, इस पर बेहतर कंट्रोल रखा जा सकता है. साथ ही ऐप इंटरफेस भी पहले की तुलना में कम क्लटर्ड महसूस होगा.
कैसे बंद करें यूट्यूब शॉर्ट्स
अगर आप भी यूट्यूब शॉर्ट्स की लगातार स्क्रॉलिंग से परेशान हैं, तो इसे बंद करना बेहद आसान है. इसके लिए सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में यूट्यूब ऐप ओपन करें. इसके बाद प्रोफाइल पिक्चर पर टैप करके सेटिंग में जाएं. यहां आपको टाइम मैनेजमेंट का ऑप्शन मिलेगा.
अब नीचे स्क्रॉल करके डेली लिमिट सेक्शन में जाएं और शॉर्ट्स फीड लिमिट टॉगल को ऑन करें. इसके बाद टाइमर को जीरो मिनट पर सेट कर दें. ऐसा करते ही यूट्यूब शॉर्ट्स की एंडलेस फीड रुक जाएगी और होमपेज पर शॉर्ट्स रिकमेंडेशन भी कम दिखाई देने लगेंगी.