MOBILE PHONE CHARGING
MOBILE PHONE CHARGING
आज के समय में स्मार्टफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का जरूरी हिस्सा बन चुका है. वीडियो देखने से लेकर गेम खेलने, फोटो खींचने और ऑनलाइन काम करने तक, ज्यादातर काम फोन से ही हो जाते हैं. ऐसे में लगातार इस्तेमाल के कारण फोन का गर्म होना भी आम समस्या है. कई लोग फोन को जल्दी ठंडा करने के लिए उसे फ्रिज या फ्रीजर में रख देते हैं. लेकिन ऐसा करना फोन के लिए काफी नुकसानदायक साबित हो सकता है. अचानक तापमान बदलने से फोन के अंदर नमी जमा हो सकती है और उसके जरूरी इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स खराब हो सकते हैं.
फोन बार-बार गर्म होने की वजह
लंबे समय तक गेम खेलना, 4K वीडियो रिकॉर्ड करना, एक साथ कई ऐप चलाना, कमजोर नेटवर्क में इंटरनेट इस्तेमाल करना, फास्ट चार्जिंग और पुरानी बैटरी फोन गर्म होने की वजह बन सकती है. बैकग्राउंड में लगातार चलने वाले ऐप्स भी प्रोसेसर पर दबाव बढ़ाते हैं. अगर फोन बिना किसी खास वजह के बार-बार गर्म हो रहा है, तो बैटरी या हार्डवेयर की जांच के लिए सर्विस सेंटर जाना बेहतर है.
गर्म फोन को फ्रिज में रखना क्यों है खतरनाक
जब गर्म फोन को अचानक बहुत ठंडी जगह पर रखा जाता है, तो उसके तापमान में तेजी से बदलाव होता है. इससे फोन के अंदर कंडेनसेशन यानी नमी बनने का खतरा रहता है. यह नमी मदरबोर्ड और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स तक पहुंच सकती है. इससे शॉर्ट सर्किट और फोन में तकनीकी खराबी की आशंका बढ़ जाती है.
बैटरी को भी हो सकता है नुकसान
ज्यादातर स्मार्टफोन में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है. ज्यादा गर्मी और बहुत ज्यादा ठंड, दोनों ही बैटरी के लिए अच्छी नहीं होतीं. गर्म बैटरी को अचानक बेहद ठंडे तापमान में रखने से उसकी क्षमता प्रभावित हो सकती है. अगर ऐसा बार-बार किया जाए, तो बैटरी की लाइफ कम हो सकती है और वह जल्दी खराब भी हो सकती है.
स्क्रीन और कैमरे पर भी पड़ सकता है असर
अचानक तापमान बदलने का असर सिर्फ बैटरी पर नहीं पड़ता. इससे फोन की स्क्रीन, कैमरा लेंस और अंदर लगे चिप्स भी प्रभावित हो सकते हैं. फोन में नमी जाने पर कैमरा लेंस में धुंध दिखाई दे सकती है. वहीं, लंबे समय तक ऐसी गलती करने से फोन की परफॉर्मेंस पर भी असर पड़ सकता है.
फोन गर्म हो जाए तो क्या करें
अगर फोन ज्यादा गर्म हो रहा है, तो सबसे पहले उसका इस्तेमाल कुछ देर के लिए बंद कर दें. गेम और ज्यादा पावर लेने वाले ऐप्स को बंद करें. फोन को धूप से हटाकर ठंडी और हवादार जगह पर रखें. चार्जिंग के दौरान फोन गर्म हो रहा है, तो चार्जर निकाल दें. फोन का कवर हटाने से भी गर्मी बाहर निकलने में मदद मिल सकती है. सामान्य पंखे या एसी वाले कमरे की हवा में फोन को कुछ देर रखने से वह धीरे-धीरे ठंडा हो सकता है.
ये भी पढ़ें: