Jumped Deposit Scam
Jumped Deposit Scam
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने ग्राहकों को ऑनलाइन ठगी के एक नए तरीके 'जम्प डिपॉजिट स्कैम' को लेकर अलर्ट किया है. इस ठगी में जालसाज पहले आपके बैंक खाते में अचानक कुछ पैसे भेजते हैं. इसके बाद फोन करके कहते हैं कि पैसे गलती से आपके खाते में आ गए हैं, इसलिए उन्हें वापस कर दें. इसी बहाने वे आपको UPI पेमेंट रिक्वेस्ट मंजूर करने के लिए मनाते हैं. अगर आप बिना चेक किए उनकी बात मान लेते हैं, तो आपका अकाउंट खाली हो सकता है.
SBI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए ग्राहकों को सावधान रहने की सलाह दी. बैंक ने कहा कि अनजान व्यक्ति के पैसे भेजने और फिर उन्हें वापस मांगने पर जल्दबाजी में कोई फैसला न लें. आइए, समझते हैं कि यह स्कैम कैसे काम करता है और इससे कैसे बच सकते हैं.
क्या है जम्प डिपॉजिट स्कैम?
इस स्कैम में ठग किसी अनजान व्यक्ति के बैंक खाते में थोड़ी रकम भेजकर ठगी की शुरुआत करते हैं. इसके बाद वे फोन करके या दूसरे माध्यम से संपर्क करते हैं और दावा करते हैं कि पैसे गलती से ट्रांसफर हो गए हैं. वे जल्द से जल्द रकम लौटाने की मांग करते हैं.
ठग इस दौरान आप पर दबाव बनाते हैं. वे कभी गलती का हवाला देते हैं, तो कभी इमरजेंसी बताकर जल्दी पैसे लौटाने को कहते हैं. उनका मकसद आपको बिना जांच-पड़ताल किए कोई कदम उठाने के लिए मजबूर करना होता है.
National Cyber Security Month Special Campaign 6.0 🚨 Unexpected credit in your account? It’s a Trap! Beware of Jumped Deposit Scam! In a Jumped Deposit Scam, scammers claim to have "accidentally" credited a small amount to your account to win your trust. When you try to return it, they trick you into approving a high-value payment request. ⚠️ Block the number immediately and report this to the Bank on Priority. ⚠️ Don’t fall for emotional blackmail or emergency UPI requests without confirmation. ✅ Always respond to calls prefixed with 1600 — It’s genuine, it’s secure, it’s your Bank. @DFS_India @DARPG_GoI @Cyberdost
— State Bank of India (@TheOfficialSBI) October 10, 2026
कैसे खाली हो सकता है आपका बैंक अकाउंट?
ठग सबसे पहले आपके बैंक खाते में छोटी रकम ट्रांसफर करते हैं, ताकि आपको लगे कि यह सामान्य गलती है.
इसके बाद वे कॉल करके कहते हैं कि उनसे गलती हो गई है. वे पैसे तुरंत लौटाने की अपील करते हैं और जल्दबाजी करने का दबाव बनाते हैं.
ठग आपसे UPI ऐप पर आई पेमेंट रिक्वेस्ट को मंजूर करने के लिए कह सकते हैं. वे इसे पैसे वापस पाने का तरीका बताकर आपको भ्रमित करते हैं.
अगर आप अनजान व्यक्ति की बातों में आकर बड़ी रकम भेजने वाली रिक्वेस्ट मंजूर कर देते हैं, तो आपके खाते से पैसे ठग के खाते में जा सकते हैं. इसलिए किसी भी अनजान पेमेंट रिक्वेस्ट को बिना जांचे मंजूर न करें.
अचानक पैसे आ जाएं तो क्या करें?
SBI की सलाह के मुताबिक, अगर आपके खाते में बिना किसी जानकारी के पैसे जमा होते हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें.
फोन करने वाले की बातों में आकर जल्दबाजी में ट्रांजैक्शन न करें.
किसी अनजान व्यक्ति की पेमेंट रिक्वेस्ट को स्वीकार करने से बचें.
अपने बैंक की आधिकारिक शाखा या ग्राहक सेवा के माध्यम से ट्रांजैक्शन की पुष्टि करें.
पैसे लौटाने के नाम पर भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ अपना UPI PIN या OTP साझा करें.
ठगी की आशंका होने पर अपने बैंक को तुरंत जानकारी दें. साइबर फ्रॉड होने पर 1930 हेल्पलाइन या सरकारी साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करें.
बैंक के नाम पर आने वाली कॉल से भी रहें सावधान
SBI ने ग्राहकों को संदिग्ध कॉल और ठगों की बातों में न आने की सलाह दी है. किसी भी कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करने या पैसे ट्रांसफर करने से पहले कॉल करने वाले की पहचान की पुष्टि करें. केवल कॉल करने वाले के बताए नंबर या लिंक पर भरोसा न करें.
ये भी पढ़ें: