Mobile Internet Data
Mobile Internet Data
आज के समय में मोबाइल इंटरनेट हमारी रोज की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. सोशल मीडिया चलाने, ऑनलाइन पढ़ाई करने, वीडियो कॉल करने, ओटीटी प्लेटफॉर्म देखने और डिजिटल पेमेंट जैसे लगभग हर काम के लिए इंटरनेट की जरूरत पड़ती है. ऐसे में जब दिन खत्म होने से पहले ही मोबाइल डेटा खत्म हो जाए, तो परेशानी हो जाती है. खासकर उन लोगों के लिए जो 1GB या 1.5GB डेली डेटा प्लान का इस्तेमाल करते हैं.
कई लोगों को लगता है कि टेलिकॉम कंपनियां पूरा डेटा नहीं दे रही हैं, लेकिन असल वजह अक्सर फोन में मौजूद कुछ ऐप्स और सेटिंग्स होती हैं. कई एप्लिकेशन बैकग्राउंड में लगातार इंटरनेट का इस्तेमाल करती रहती हैं, जिससे बिना जानकारी के डेटा तेजी से खत्म होने लगता है. यही वजह है कि कई बार कम इस्तेमाल के बावजूद इंटरनेट जल्दी खत्म हो जाता है.
यूट्यूब और इंस्टाग्राम सबसे बड़े डेटा यूजर
मोबाइल डेटा की सबसे ज्यादा इस्तेमाल वीडियो और सोशल मीडिया ऐप्स करते हैं. यूट्यूब इस लिस्ट में सबसे ऊपर माना जाता है. अगर कोई व्यक्ति लगातार वीडियो या शॉर्ट्स देखता है, तो कुछ ही समय में काफी डेटा खर्च हो सकता है.
इसी तरह इंस्टाग्राम भी इंटरनेट का बड़ा हिस्सा इस्तेमाल करता है. रील्स, हाई क्वालिटी फोटो और वीडियो कंटेंट की वजह से यह ऐप लगातार डेटा खर्च करता रहता है. फेसबुक पर वीडियो और रील्स स्क्रॉल करने से भी इंटरनेट तेजी से खत्म हो सकता है.
बैकग्राउंड में चलने वाले ऐप्स भी जिम्मेदार
कई बार फोन इस्तेमाल न करने के बावजूद डेटा कम होता रहता है. इसकी वजह बैकग्राउंड में एक्टिव रहने वाले ऐप्स होते हैं. सोशल मीडिया, ऑनलाइन शॉपिंग, गेमिंग और मैप्स जैसी एप्लिकेशन समय-समय पर इंटरनेट का इस्तेमाल करती रहती हैं. इससे यूजर को पता भी नहीं चलता और डेटा धीरे-धीरे खत्म होता रहता है.
ऑटो अपडेट फीचर बढ़ाता है इंटरनेट का यूसेज
मोबाइल में मौजूद ऐप्स और सिस्टम अपडेट भी डेटा खत्म होने की बड़ी वजह बन सकते हैं. कई बार ऐप्स बैकग्राउंड में अपने आप अपडेट डाउनलोड करने लगते हैं. इससे कुछ ही मिनटों में काफी डेटा खर्च हो सकता है. इसलिए सलाह देते हैं कि ऑटो अपडेट का विकल्प केवल वाई-फाई नेटवर्क पर ही सेट करना चाहिए.