बारिश का मौसम आते ही इंडिया के कई वॉटरफॉल स्वर्ग से भी खूबसूरत लगते हैं. पहाड़ों से गिरता तेज पानी, चारों तरफ फैली हरियाली और ठंडी फुहारें इन जगहों को किसी जन्नत से कम नहीं बनातीं. यही वजह है कि मानसून में बड़ी संख्या में पर्यटक यहां का रुख करते हैं. अगर आप भी इस मौसम में खूबसूरत वॉटरफॉल्स देखना चाहते हैं तो इन 5 जगहों पर जाना न भूलें.
इरुप्पू वॉटरफॉल, कर्नाटक
कर्नाटक के कोडागु (कूर्ग) जिले में स्थित इरुप्पू वॉटरफॉल खूबसूरत वादियों के बीच बसा है. मानसून में यहां का पानी तेज बहाव के साथ गिरता है, जिससे पूरा इलाका धुंध और ठंडी फुहारों से भर जाता है. यह जगह प्रकृति प्रेमियों और ट्रेकिंग के शौकीनों के बीच काफी लोकप्रिय है.
दूधसागर वॉटरफॉल, गोवा
गोवा का दूधसागर वॉटरफॉल मानसून में सबसे शानदार नजर आता है. करीब 310 मीटर ऊंचाई से गिरता पानी दूर से दूध की धारा जैसा दिखाई देता है, इसलिए इसका नाम दूधसागर पड़ा. बारिश के दौरान आसपास की हरियाली इसकी खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देती है.
जोग फॉल्स, कर्नाटक
कर्नाटक का जोग फॉल्स भारत के सबसे ऊंचे झरनों में गिना जाता है. मानसून के दौरान शरावती नदी का जलस्तर बढ़ने पर यह झरना पूरे वेग से बहता है और बेहद खूबसूरत नजारा पेश करता है.
अथिराप्पिल्ली वॉटरफॉल, केरल
केरल का अथिराप्पिल्ली वॉटरफॉल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए देशभर में मशहूर है. इसे अक्सर भारत का नियाग्रा भी कहा जाता है. मानसून में इसका पानी कई गुना बढ़ जाता है और आसपास का जंगल धुंध व हरियाली से भर जाता है.
केम्पटी फॉल, उत्तराखंड
उत्तराखंड के मसूरी से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित केम्पटी फॉल राज्य के सबसे लोकप्रिय वॉटरफॉल्स में से एक है. लगभग 40 फीट की ऊंचाई से गिरता यह झरना मानसून के दौरान अपने पूरे शबाब पर होता है.