scorecardresearch
ट्रैवल

उत्तराखंड का गुप्तखाल ट्रेक बना हॉटस्पॉट... बारिश, बर्फबारी और हिमालय के अद्भुत नजारों ने बढ़ाया क्रेज

चमोली
1/5

उत्तराखंड के चमोली जिले में मानसून के दौरान भी ट्रेकिंग का उत्साह कम नहीं हुआ है. लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पर्यटक और ट्रेकिंग प्रेमी ऊंचे हिमालयी इलाकों का रुख कर रहे हैं. खासतौर पर करीब 5,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुप्तखाल ट्रेक इन दिनों एडवेंचर पसंद लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. यहां बदलता मौसम, ताजा बर्फबारी और मनमोहक प्राकृतिक नजारे पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं.

गुप्तखाल ट्रेक
2/5

गुप्तखाल ट्रेक पर बढ़ी पर्यटकों की भीड़
दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल समेत देश के कई राज्यों से ट्रेकर्स और प्रकृति प्रेमी चमोली पहुंच रहे हैं. गुप्तखाल ट्रेक नीति घाटी को माणा घाटी से जोड़ता है और इसे उत्तराखंड के सबसे रोमांचक ट्रेकिंग रूटों में गिना जाता है. मानसून के दौरान भी यहां पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है.
 

गुप्तखाल ट्रेक
3/5

निचली घाटियों में लगातार बारिश हो रही है, जबकि ऊंचे हिमालयी इलाकों में मौसम बदलते ही बर्फबारी शुरू हो जाती है. कुछ ही समय में पूरी घाटियां सफेद बर्फ की चादर से ढक जाती हैं. मौसम साफ होने पर बर्फ से ढकी चोटियों पर पड़ती सुनहरी धूप इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देती है. यही अनोखा प्राकृतिक नजारा ट्रेकर्स को बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित कर रहा है.

चमोली
4/5

गुप्तखाल के अलावा चमोली के अन्य उच्च हिमालयी ट्रेकिंग रूटों पर भी पर्यटकों की अच्छी आवाजाही बनी हुई है. कठिन चढ़ाई, बर्फीले रास्ते, ग्लेशियरों के मनमोहक दृश्य और शांत वातावरण इस यात्रा को यादगार बना रहे हैं. चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन के लिए अनुमति प्रक्रिया को आसान बनाया है. इसका सकारात्मक असर 'सीमा दर्शन योजना' के तहत देखने को मिल रहा है. अब सीमावर्ती इलाकों में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे अंतिम गांवों में फिर से रौनक लौट आई है.

चमोली
5/5

पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय गाइड, पोर्टर, होमस्टे संचालक और छोटे कारोबारियों को भी रोजगार मिल रहा है. मानसून के बीच निचले इलाकों की बारिश और ऊंचे क्षेत्रों की ताजा बर्फबारी का अनूठा संगम चमोली को इस समय ट्रेकिंग और प्रकृति प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना रहा है.