सावन के पवित्र महीने में देशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. कांवड़ यात्रा भी पूरे उत्साह के साथ जारी है. पूर्वांचल समेत बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों से बड़ी संख्या में कांवड़िए ट्रेन के जरिए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंच रहे हैं. ऐसे में पूर्व मध्य रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशन पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए हैं.
कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की निगरानी और भीड़ प्रबंधन के लिए DDU रेल मंडल के डिविजनल कार्यालय में 24 घंटे संचालित होने वाला वॉर रूम बनाया गया है. यहां अतिरिक्त रेल कर्मियों की तैनाती की गई है, जो चौबीसों घंटे विभिन्न स्टेशनों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं. वॉर रूम में मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लगे CCTV कैमरों की लाइव फीड लगातार मॉनिटर की जा रही है.
दरअसल, DDU जंक्शन से बड़ी संख्या में कांवड़िए सुल्तानगंज और भागलपुर के लिए ट्रेन पकड़ते हैं. सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर श्रद्धालु पैदल देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं और जलाभिषेक करते हैं. इसी वजह से सावन के पूरे महीने स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है.
रेलवे ने केवल DDU जंक्शन ही नहीं, बल्कि सासाराम, गया, डेहरी ऑन सोन, औरंगाबाद और भभुआ समेत पूरे मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर भी विशेष व्यवस्थाएं की हैं. यात्रियों की सुरक्षा के लिए RPF और GRP के जवानों के साथ अतिरिक्त रेल कर्मचारियों को तैनात किया गया है. वहीं मेडिकल टीम, प्राथमिक उपचार और सात्विक भोजन की व्यवस्था भी की गई है, ताकि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
जैसे ही सुल्तानगंज या भागलपुर की ओर जाने वाली ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचती है, रेलवे की टीम तुरंत सक्रिय हो जाती है. सुरक्षा कर्मी भीड़ को नियंत्रित करते हुए कांवड़ियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने का काम करते हैं. साथ ही यात्रियों से लगातार अपील की जाती है कि वे ट्रेन के दरवाजे पर लटककर यात्रा न करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें.
रेलवे अधिकारी कांवड़ियों से यह भी अनुरोध कर रहे हैं कि वे अनुशासित तरीके से यात्रा करें और अपनी वजह से अन्य यात्रियों को असुविधा न होने दें. स्टेशन पर लगातार उद्घोषणाएं भी की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को आवश्यक जानकारी समय पर मिलती रहे और किसी तरह की अफरातफरी की स्थिति न बने.
रेलवे की इन व्यवस्थाओं से कांवड़िए भी संतुष्ट नजर आए. ब्रह्मपुत्र मेल सहित अन्य ट्रेनों से यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं ने बताया कि इस बार भी रेलवे ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं के अच्छे इंतजाम किए हैं, जिससे उनकी यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनी है