16 मेट्रो स्टेशन बंद
16 मेट्रो स्टेशन बंद
कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच सुरक्षा के कारणों से दिल्ली के 16 मेट्रों स्टेशन बंद कर दिए गए है. अगर आप आज दिल्ली मेट्रो से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें. इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पूरी तरह बंद रहेगी. हालांकि, तीन प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी, ताकि यात्रियों को दूसरी लाइन की मेट्रो बदलने में परेशानी न हो.
अगले आदेश तक बंद रहेंगे 16 मेट्रो स्टेशन
दिल्ली मेट्रो की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सेंट्रल दिल्ली और उसके आसपास के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखा गया है. इन स्टेशनों पर न तो यात्री प्रवेश कर सकेंगे और न ही बाहर निकल सकेंगे.
लोक कल्याण मार्ग
राजीव चौक
पटेल चौक
रामकृष्ण आश्रम मार्ग
बाराखंभा रोड
सुप्रीम कोर्ट
सेवा तीर्थ
जनपथ
मंडी हाउस
सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
आईटीओ
दिल्ली गेट
इंद्रप्रस्थ
खान मार्केट
जोर बाग
शिवाजी स्टेडियम
इन 3 स्टेशनों पर मिलेगी इंटरचेंज की सुविधा
हालांकि यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी. यानी यात्री इन स्टेशनों पर मेट्रो लाइन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी.
सफर से पहले रूट जरूर जांच लें
मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर जांच लें. जिन यात्रियों को इन स्टेशनों पर उतरना या चढ़ना था, उन्हें वैकल्पिक मेट्रो स्टेशन या अन्य परिवहन साधनों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है. फिलहाल मेट्रो प्रशासन ने यह नहीं बताया है कि ये स्टेशन कब तक बंद रहेंगे. अगला आदेश जारी होने के बाद ही इन्हें दोबारा खोला जाएगा.
CJP के प्रदर्शन का आज 33वां दिन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का आज 33वां दिन है. यहां बुधवार सुबह से हजारों प्रदर्शनकारी जुटे हैं. इनमें 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पुलिस की लाठियों, आंसू गैस के गोलों का शिकार हुए लोग भी पहुंचे हैं. इधर दिल्ली पुलिस ने संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा पर अलग-अलग थानों में 10 FIR दर्ज की हैं. प्रदर्शनकारियों पर RAF जवानों पर जानलेवा हमला, पथराव, तोड़फोड़ और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप हैं.
ये भी पढ़ें