Jewar Airport
Jewar Airport
उत्तर प्रदेश का महत्वाकांक्षी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर जल्द ही देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल होने जा रहा है. ऐसे में आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों के लिए यह सवाल अहम हो गया है कि आगरा से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए कौन-कौन से साधन उपलब्ध हैं? किराया कितना लगेगा और दूरी कितनी है? अगर आप भी आगरा से जेवर एयरपोर्ट जाने की योजना बना रहे हैं, तो यहां आपको बस, टैक्सी और प्राइवेट बसों की पूरी जानकारी यहां मिल जाएगी.
आगरा से जेवर एयरपोर्ट की दूरी और रास्ता
आगरा से जेवर एयरपोर्ट की दूरी करीब 140 से 145 किलोमीटर है. सड़क मार्ग से यात्रा करने पर लगभग 1 घंटा 45 मिनट से 2 घंटे का समय लगता है. इसका मुख्य रास्ता यमुना एक्सप्रेसवे से होकर गुजरता है. आगरा से कुबेरपुर होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर चढ़कर सीधे जेवर कट या जेवर टोल तक पहुंचा जा सकता है. वहां से एयरपोर्ट की दूरी करीब 5 से 10 किलोमीटर के बीच है.
यूपी रोडवेज बस से कैसे जाएं
आगरा से दिल्ली, नोएडा और कौशांबी जाने वाली कई उत्तर प्रदेश रोडवेज बसें यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते चलती हैं. यात्री इन बसों से जेवर कट या जेवर टोल पर उतर सकते हैं और वहां से एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं. इस संबंध में रोडवेज के सर्विस मैनेजर तुलाराम से फोन पर बात हुई जिसमें उन्होंने जानकारी दी की आगरा से जेवर एयरपोर्ट के लिए रोडवेज बस की सीधी सेवाएं अभी शुरू नहीं हुई है.
सुबह करीब 4:30 बजे से लेकर शाम तक आगरा के ईदगाह बस स्टैंड और ISBT से रोडवेज की बसें दिल्ली और नोएडा के लिए रवाना होती रहती हैं. इनमें साधारण बसों के अलावा जनरथ और AC बसें भी शामिल हैं. रोडवेज बसों का किराया आमतौर पर 220 से 300 रुपये के बीच होता है, जबकि जनरथ या AC बसों का किराया करीब 350 से 450 रुपये तक हो सकता है.
प्राइवेट बसों के भी कई विकल्प
आगरा से जेवर और नोएडा के लिए प्राइवेट बस ऑपरेटर भी लगातार सेवाएं देते हैं. ये बसें आमतौर पर आगरा ISBT, ईदगाह बस स्टैंड, कुबेरपुर और आगरा फोर्ट इलाके से मिल जाती हैं. इन बसों का किराया बस की श्रेणी के हिसाब से अलग-अलग होता है. नॉन-AC बसों का किराया करीब 200 से 400 रुपये के बीच होता है, जबकि AC बसों का किराया 400 से 800 रुपये तक हो सकता है. कुछ लक्जरी या वोल्वो बसों का किराया 900 से 1500 रुपये तक भी पहुंच सकता है.
टैक्सी से सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान
अगर आप सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचना चाहते हैं तो टैक्सी सबसे आसान और आरामदायक विकल्प है. आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, ताजगंज, फतेहाबाद रोड और शहर के कई प्रमुख इलाकों से टैक्सी आसानी से मिल जाती है. ऑनलाइन कैब सेवाओं के जरिए भी गाड़ी बुक की जा सकती है. हैचबैक कार का किराया आमतौर पर 2500 से 3000 रुपये के बीच होता है. सेडान कार के लिए 3000 से 3800 रुपये तक खर्च हो सकता है, जबकि SUV गाड़ी का किराया करीब 4000 से 5000 रुपये तक पहुंच सकता है.
यात्रियों के लिए कौन सा विकल्प बेहतर
अगर आप कम खर्च में यात्रा करना चाहते हैं तो रोडवेज बस सबसे सस्ता विकल्प है. वहीं ज्यादा सुविधा और सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए टैक्सी बेहतर मानी जाती है. प्राइवेट बसें उन यात्रियों के लिए अच्छा विकल्प हैं जिन्हें समय के ज्यादा विकल्प चाहिए. कुल मिलाकर, यमुना एक्सप्रेस वे की वजह से आगरा से जेवर एयरपोर्ट की दूरी अब काफी कम समय में तय की जा सकती है और यात्रियों के पास यात्रा के कई विकल्प मौजूद हैं.
ये भी पढ़ें: