Bihar Tourism (Photo/Bihar Tourism)
Bihar Tourism (Photo/Bihar Tourism)
बिहार का इतिहास और इसकी धरोहर, दोनों ही गौरव करने लायक हैं. बिहार का कोना-कोना प्राचीनता की गवाही देता है. अगर आपके मन में भी ये खयाल आता है कि बिहार में क्या है? तो चलिए आपको बताते हैं कि बिहार में क्या कुछ नहीं है. चंद्रगुप्त के साम्राज्य से लेकर बौद्ध की धरती है, जरासंध के इतिहास से लेकर कर्ण की कर्म भूमि भी यहीं है. इतनी ही नहीं सबको तारने वाले श्री हरि की चरणों के निशान भी इसी धरती पर मौजूद हैं. आइए आपका भी बिहार के उन छिपे इतिहास से परिचय करवाएं, जिसके बारे में शायद ही आपको पता होगा.
विष्णुपद मंदिर, गया
गया में फल्गु नदी के किनारे स्थित विष्णुपद मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है. यहां एक पत्थर पर भगवान विष्णु के चरणचिह्न देखने को मिलता है, इसी वजह से इसे विष्णुपद कहा जाता है. पितरों के श्राद्ध और पिंडदान के लिए गया का खास धार्मिक महत्व है. माना जाता है कि यहां पिंडदान करने से पूर्वजों की आत्मा को शांति मिलती है. पितृपक्ष के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग यहां पहुंचते हैं. खुद माता सीता ने भी महराज दशरथ को यहीं पिंड दिया था.
कर्ण की धरती मुंगेर
बिहार के मुंगेर का इतिहास काफी पुराना है. ये शहर भी गंगा नदी के किनारे बसा है. इस शहर की पहचान ऐतिहासिक किलों, मंदिरों और धार्मिक परंपराओं से जुड़ी है. मुंगेर को लेकर महाभारत से जुड़ी कई लोकमान्यताएं भी प्रचलित हैं. यहां का इतिहास केवल राजाओं और किलों तक सीमित नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और पुरानी परंपराओं में भी दिखाई देता है. अगर मुंगेर जाते हैं चंडिका स्थान जरूर जाएं. मान्यता है कि कर्ण यहीं मां की आराधना कर हर रोज सोना दान करता था.
जरासंध की नगरी राजगीर
नालंदा जिले में स्थित राजगीर का संबंध महाभारत की कथाओं से जोड़ा जाता है. मान्यता है कि मगध के राजा जरासंध की राजधानी गिरिव्रज यहीं थी. पहाड़ियों से घिरे राजगीर का प्राचीन नाम राजगृह भी था. यह जगह मगध साम्राज्य के इतिहास में महत्वपूर्ण रही है. बौद्ध और जैन धर्म से जुड़े कई प्रमुख स्थल भी यहां मौजूद हैं. यहां की ऊंची-ऊंची पहाड़ियां बदलों को छूती हुई कमाल की लगती हैं. यहीं पर वह अद्भुत गर्म पानी का जलाशय भी है. महाभारत काल में यहां जरासंध का शासन था. बाद के बिम्बिसार और अजातशत्रु जैसे मगध के अन्य राजाओं की राजधानी भी राजगीर ही रही.
वैशाली, प्राचीन गणराज्य की धरती
बिहार के वैशाली जिले को प्राचीन भारत के महत्वपूर्ण गणराज्यों में गिना जाता है. इसका संबंध लिच्छवि गणराज्य से रहा है. बौद्ध परंपरा में भी वैशाली का खास स्थान है. भगवान बुद्ध ने अपने जीवन के कई महत्वपूर्ण पड़ाव यहां बिताए थे. यहां के अशोक स्तंभ और पुरातात्विक अवशेष आज भी इसके प्राचीन इतिहास की झलक दिखाते हैं.
बोधिवृक्ष, जहां बुद्ध को मिला ज्ञान
गया जिले के बोधगया में स्थित महाबोधि मंदिर परिसर बौद्ध धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में से एक है. मान्यता है कि यहीं बोधिवृक्ष के नीचे गौतम बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था. दुनिया भर से बौद्ध श्रद्धालु और पर्यटक इस स्थान पर आते हैं. यहां का महाबोधि मंदिर यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में भी शामिल है.
नालंदा विश्वविद्यालय, ज्ञान की ऐतिहासिक विरासत
नालंदा में प्राचीन नालंदा महाविहार के अवशेष मौजूद हैं. यह प्राचीन भारत का प्रसिद्ध शिक्षा केंद्र था, जहां दूर-दूर के क्षेत्रों से विद्यार्थी और विद्वान अध्ययन करने आते थे. बौद्ध दर्शन के साथ-साथ यहां कई दूसरे विषयों की भी पढ़ाई होती थी. इसके अवशेष बिहार की शैक्षणिक और ऐतिहासिक विरासत की पहचान हैं.
विक्रमशिला विश्वविद्यालय
भागलपुर जिले के अंतीचक गांव के पास विक्रमशिला महाविहार के अवशेष उस गौरव शाली इतिहास की गवाही दे रहे हैं. पाल शासक धर्मपाल ने इसकी स्थापना कराई थी. यह बौद्ध शिक्षा का प्रमुख केंद्र था और यहां दूर-दराज से विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते थे. विक्रमशिला का इतिहास बिहार में ज्ञान और शिक्षा की पुरानी परंपरा का हिस्सा है.
मां चंडिका स्थान, मुंगेर
मुंगेर में स्थित मां चंडिका स्थान देवी दुर्गा की आराधना का प्रमुख केंद्र है. इस मंदिर का संबंध राजा कर्ण से जुड़ी लोककथाओं से भी बताया जाता है. मान्यता है कि कर्ण यहां मां की पूजा करते थे और उन्हें प्राप्त सोना जरूरतमंदों को दान कर देते थे. मंदिर को शक्तिपीठ माना जाता है. नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. मां चंडिका स्थान की पहचान धार्मिक आस्था और कर्ण से जुड़ी कथाओं, दोनों से बनी हुई है.
शेर शाह सूरी का मकबरा, सासाराम
रोहतास जिले के सासाराम में शेर शाह सूरी का मकबरा स्थित है. यह अफगान शासक शेर शाह सूरी की याद में बनाया गया था. पानी से घिरे तालाब के बीच बना यह मकबरा अपनी स्थापत्य कला के लिए जाना जाता है. यह बिहार की ऐतिहासिक इमारतों में खास जगह रखता है.
गरीबनाथ मंदिर, मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर में स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर भगवान शिव को समर्पित है. यह उत्तर बिहार के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है. सावन के महीने में यहां श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है. कई कांवरिये गंगाजल लेकर बाबा का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं. मंदिर से जुड़ी स्थानीय मान्यताएं और पूजा की परंपराएं इसे लोगों की आस्था का खास केंद्र बनाती हैं. महाशिवरात्रि और दूसरे धार्मिक अवसरों पर भी यहां भक्त दर्शन करने आते हैं. मान्यता है कि दिल से मांगी मुराद यहां पूरी होती है.
मधुबनी की कला, खान-पान और परंपरा
मधुबनी बिहार के मिथिला क्षेत्र का हिस्सा है. यहां की सबसे खास पहचान मिथिला पेंटिंग है, जिसे मधुबनी पेंटिंग भी कहा जाता है. पहले महिलाएं घरों की दीवारों और आंगन में देवी-देवताओं, प्रकृति और रोजमर्रा के जीवन से जुड़े चित्र बनाती थीं. धीरे-धीरे यह कला कागज, कपड़े और कैनवास पर भी बनाई जाने लगी. मधुबनी की संस्कृति में मैथिली भाषा, लोकगीत, पारंपरिक रीति-रिवाज और खान-पान की खास जगह है. यहां की सांस्कृतिक विरासत पीढ़ियों से आगे बढ़ती आ रही है. अगर मिथिला को समझना है तो कुछ दिन यहां के गांव में जरूर बिताएं.
मधुबनी के खान-पान में मिथिला की परंपरा और स्थानीय स्वाद दिखाई देता है. यहां चूड़ा-दही, दाल-भात, मौसमी सब्जियों और पारंपरिक पकवान मेहमानों का दिल जीत लेते है. यहां की भाषा, लोकगीत, कला और पारंपरिक रहन-सहन भी मिथिला की संस्कृति की एक अलग झलक दुनिया के आगे रखती है.
सीतामढ़ी का पुनौरा धाम
सीतामढ़ी में स्थित पुनौरा धाम माता सीता से जुड़ा प्रमुख धार्मिक स्थल है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह माता सीता की जन्मस्थली है. यहां स्थित जानकी मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं. रामायण की कथाओं और माता सीता से जुड़ी मान्यताओं के कारण इस जगह का विशेष महत्व है. सीतामढ़ी के धार्मिक जीवन में पुनौरा धाम की अहम भूमिका है और यहां अलग-अलग अवसरों पर भक्त दर्शन करने आते हैं.
बड़ी दुर्गा स्थान, मुंगेर
मुंगेर का बड़ी दुर्गा स्थान दुर्गा पूजा की के लिए प्रसिद्ध है. यहां मां दुर्गा की पूजा बड़े स्तर पर की जाती है. दशहरे के दौरान मंदिर और आसपास के इलाकों में उत्सव का माहौल रहता है. यहां की प्रतिमा और विसर्जन यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र होती है. मुंगेर का दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि स्थानीय परंपरा और सामुदायिक भागीदारी से जुड़ा उत्सव भी है. इसी वजह से बड़ी दुर्गा स्थान की चर्चा बिहार के बाहर भी होती है.
वाल्मीकि नगर का टाइगर रिजर्व
पश्चिम चंपारण जिले में स्थित वाल्मीकि टाइगर रिजर्व बिहार का प्रमुख वन्यजीव क्षेत्र है और राज्य का एकमात्र टाइगर रिजर्व है. यहां घने जंगल, नदी और प्राकृतिक वातावरण एक अलग माहौल बनाता है. बाघों के अलावा इस क्षेत्र में कई अन्य वन्यजीव और पक्षी भी पाए जाते हैं. वाल्मीकि नगर का इलाका प्राकृतिक पर्यटन के लिए जाना जाता है. इसके साथ ही इस जगह को महर्षि वाल्मीकि की तपोभूमि भी कहा जाता हैं.
जयमंगला गढ़, मंझौल
बिहार के बेगूसराय जिले के मंझौल में स्थित जयमंगला गढ़ इतिहास, धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है. यहां मां जयमंगला का प्राचीन मंदिर है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं. यह जगह कंवर झील के पास स्थित है, जो अपनी जैव विविधता और पक्षियों के लिए भी प्रसिद्ध है. जयमंगला गढ़ को लेकर स्थानीय लोगों में कई धार्मिक मान्यताएं प्रचलित हैं. मंदिर में मां की पूजा की पुरानी परंपरा है और खास अवसरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है.
ये भी पढ़ें