
Trains Cancelled
Trains Cancelled
दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द करने का फैसला लिया है. इसका असर बिहार और उत्तर प्रदेश से दिल्ली आने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा. पटना से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर होते हुए नई दिल्ली जाने वाली चार प्रमुख ट्रेनें रद्द रहेंगी. इसके अलावा बनारस से दिल्ली आने वाली दो ट्रेनों का संचालन भी 9 अक्टूबर को नहीं होगा.
रेलवे के मुताबिक, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास भारी जाम लगने की आशंका है. इसी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें.
पटना से दिल्ली जाने वाली ये 4 ट्रेनें रद्द
12309- राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस
12393-राजेंद्र नगर-नई दिल्ली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस
20801- इस्लामपुर-नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस
22361-राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस

बनारस से दिल्ली आने वाली 2 ट्रेनें भी रद्द
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर को चलने वाली बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस (12559) और बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12581) का संचालन भी रद्द रहेगा. रेलवे की योजना के तहत 9 अक्टूबर को अपने शुरुआती स्टेशन से दोपहर 2 बजे के बाद चलने वाली उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रद्द किया गया है, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना था.

प्रदर्शन को पुलिस ने मंजूरी नहीं दी
दरअसल, दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और वामपंथी संगठनों ने 10 अक्टूबर को प्रदर्शन का ऐलान किया है. संगठनों का आरोप है कि देशभर में उनके समर्थकों को हिरासत में लिया जा रहा है. दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन की जानकारी देर से दी गई.
दिल्ली पुलिस ने CJP के प्रोटेस्ट को देखते हुए जबरदस्त तैयारी की है. इस वक्त जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और चुनाव आयोग के आस-पास भारी सुरक्षा बल तैनात है. रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट के आसपास भी बड़े ग्रुप्स में आने वाले लोगों पर पुलिस सख्त नजर रख रही है. प्रदर्शन को देखते हुए 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने और 10 डिटेंशन सेंटर बनाने की भी जानकारी सामने आई है. CJP ने आरोप लगाया है कि पुणे के कुछ छात्रों को दिल्ली आते समय रास्ते में हिरासत में लिया गया और बस से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया.
इनपुट-सुशांत मेहरा, उदय गुप्ता
ये भी पढ़ें: