scorecardresearch

गणपति पर घर जाने वालों के लिए अच्छी खबर, रेलवे चला रहा 262 स्पेशल ट्रेनें, जानिए टिकट और यात्रा से जुड़ी जरूरी बातें

आगामी गणपति उत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने कोंकण क्षेत्र के लिए कुल 262 गणपति विशेष ट्रेन सेवाओं की घोषणा की है. इन विशेष ट्रेनों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करना है.

Advertisement
Special Trains Special Trains
हाइलाइट्स
  • गणपति में घर जाना होगा आसान

  • 262 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

गणपति उत्सव में घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों की भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने बड़ा फैसला लिया है. रेलवे कोंकण क्षेत्र के लिए कुल 262 गणपति स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाएगी. इनमें 200 आरक्षित और 62 अनारक्षित सेवाएं शामिल हैं. खास बात यह है कि आरक्षित विशेष ट्रेनों में अब तक 1,17,682 से ज्यादा यात्री सीट बुक करा चुके हैं.

इन ट्रेनों का संचालन मुंबई, पुणे और नागपुर से कोंकण क्षेत्र के अलग-अलग गंतव्यों के लिए किया जाएगा. विशेष सेवाओं की शुरुआत 9 सितंबर 2026 से होगी. रेलवे का कहना है कि अतिरिक्त ट्रेनों से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को त्योहार पर अपने गांव और परिवार तक पहुंचने के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे.

सावंतवाड़ी के लिए सबसे ज्यादा 112 सेवाएं
मध्य रेल की ओर से चलाई जा रही 200 आरक्षित गणपति स्पेशल ट्रेनों में सावंतवाड़ी रोड के लिए सबसे ज्यादा 112 आने-जाने की सेवाएं रखी गई हैं. इसके अलावा रत्नागिरी के लिए 64 और मडगांव के लिए 24 विशेष ट्रेन सेवाएं संचालित की जाएंगी.

यात्रियों की जरूरत को देखते हुए ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणी के कोच लगाए गए हैं. इनमें एसी स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं, जबकि कुछ ट्रेनों में एसी, स्लीपर और जनरल कोचों का मिश्रित संयोजन होगा.

स्टेशनों पर बनेंगे होल्डिंग एरिया, कतार में होगी बोर्डिंग
गणपति उत्सव के दौरान स्टेशनों पर होने वाली भारी भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं. प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे. विशेष ट्रेनों में यात्रियों की व्यवस्थित बोर्डिंग के लिए कतार प्रबंधन की व्यवस्था भी की जाएगी.

यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न NGOs के सहयोग से निःशुल्क पेयजल, भोजन और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है. वहीं, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष ट्रेनों व प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त RPF जवान और टिकट जांच कर्मचारी तैनात किए जाएंगे.

ट्रेन छूटने से 30 मिनट पहले पहुंचने की सलाह
मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए ट्रेन के निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले स्टेशन पहुंचें. यात्री ट्रेनों के समय, रूट और ठहराव की जानकारी रेलवे की पूछताछ सेवा और NTES ऐप पर देख सकते हैं. अनारक्षित टिकट सामान्य किराये पर UTS प्रणाली से लिए जा सकेंगे, जबकि टिकट बुकिंग के लिए RailOne ऐप का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. रेलवे ने यात्रियों से वैध टिकट और पहचान पत्र के साथ यात्रा करने तथा भीड़ प्रबंधन संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.