Shravani Mela Special Train (File Photo)
Shravani Mela Special Train (File Photo)
सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रहती है और कन्फर्म टिकट मिलना भी मुश्किल हो जाता है. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने हावड़ा और नटेसर के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन जसीडीह, किउल, बिहार शरीफ और राजगीर समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को राहत मिलेगी.
5 जुलाई से शुरू हुई श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र के अनुसार, श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए गाड़ी संख्या 03001/03002 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल का संचालन किया जाएगा. यह स्पेशल ट्रेन 5 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित दिनों में चलेगी.
हावड़ा से नटेसर तक ऐसा रहेगा ट्रेन का शेड्यूल
गाड़ी संख्या 03001 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल 5 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक हर रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को हावड़ा से रात 11:50 बजे रवाना होगी.
यह ट्रेन अगले दिन सुबह 5:10 बजे जसीडीह, 8:10 बजे किउल, 8:45 बजे शेखपुरा, 9:25 बजे अस्थावां, 9:50 बजे बिहार शरीफ, 10:40 बजे नालंदा और 11:05 बजे राजगीर पहुंचने के बाद दोपहर 12:00 बजे नटेसर पहुंचेगी.
वापसी में इन दिनों चलेगी स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 03002 नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल 6 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक हर सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी. यह ट्रेन दोपहर 1:00 बजे नटेसर से रवाना होकर 1:20 बजे राजगीर, 1:43 बजे नालंदा, 2:05 बजे बिहार शरीफ, 2:55 बजे अस्थावां, 4:03 बजे शेखपुरा, 5:10 बजे किउल और रात 8:25 बजे जसीडीह पहुंचेगी. इसके बाद अगले दिन सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
18 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे. इनमें एक थर्ड एसी (3AC) कोच, सात स्लीपर कोच, आठ जनरल कोच और दो एसएलआर (गार्ड एवं लगेज) कोच शामिल होंगे. इससे यात्रियों को उनकी जरूरत और बजट के अनुसार यात्रा करने का विकल्प मिलेगा.
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
सावन के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाली ट्रेनों में हर साल भारी भीड़ रहती है. ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से श्रद्धालुओं को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी. साथ ही बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई प्रमुख स्टेशनों को जोड़ने वाली यह ट्रेन यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन का समय और आरक्षण की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि सफर बिना किसी परेशानी के पूरा किया जा सके.