Bharat Gaurav Tourist Train For South India Tour (File Photo- IRCTC)
Bharat Gaurav Tourist Train For South India Tour (File Photo- IRCTC)
गर्मी की छुट्टियों में अगर आप परिवार के साथ धार्मिक स्थलों की यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. IRCTC Tourism दक्षिण भारत घूमने के लिए खास टूर पैकेज लेकर आया है. यह यात्रा 26 जून 2026 से शुरू होगी और 11 दिन 12 रातों की होगी. यात्रा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के जरिए कराई जाएगी, जिसकी शुरुआत योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से होगी.
इस टूर पैकेज में यात्रियों को दक्षिण भारत के कई प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे. इसमें तिरुपति बालाजी मंदिर, रामेश्वरम स्थित रामनाथ स्वामी मंदिर, मदुरै का मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग शामिल हैं. धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटक दक्षिण भारत की संस्कृति और प्राकृतिक खूबसूरती का भी आनंद ले सकेंगे.
इन स्टेशनों से ट्रेन पकड़ सकेंगे यात्री
यात्रियों की सुविधा के लिए कई रेलवे स्टेशनों से ट्रेन में चढ़ने और उतरने की व्यवस्था की गई है. इनमें योग नगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज और मानिकपुर रेलवे स्टेशन शामिल हैं. इससे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के यात्रियों को यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी.
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
इस टूर पैकेज में यात्रियों को ट्रेन यात्रा के साथ कई सुविधाएं दी जाएंगी. इसमें 2 एसी, 3 एसी और स्लीपर क्लास में यात्रा का विकल्प मिलेगा. इसके अलावा नाश्ता, दोपहर और रात का शाकाहारी भोजन भी पैकेज में शामिल रहेगा. स्थानीय घूमने के लिए एसी और नॉन एसी बसों की व्यवस्था भी की जाएगी.
जानिए कितना होगा किराया
IRCTC ने यात्रियों की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग श्रेणियों में पैकेज तैयार किया है.
इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर क्लास) का किराया 24,350 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है.
स्टैंडर्ड श्रेणी (3 एसी) में यात्रा करने पर 41,800 रुपए प्रति व्यक्ति खर्च होंगे.
वहीं कम्फर्ट श्रेणी (2 एसी) का किराया 55,750 रुपए प्रति व्यक्ति तय किया गया है.
खास बात यह है कि इस यात्रा में LTC और EMI की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्री आसान किस्तों में भुगतान कर सकेंगे.
ऐसे करा सकते हैं बुकिंग
IRCTC उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी. यात्री गोमती नगर, लखनऊ स्थित IRCTC कार्यालय से बुकिंग करा सकते हैं. इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है. बुकिंग और अधिक जानकारी के लिए यात्री IRCTC Tourism Website पर विजिट कर सकते हैं.