scorecardresearch

6 अक्टूबर से महंगी होगी IndiGo फ्लाइट की टिकट, बढ़ी है फ्यूल की कीमत... इसलिए अब सफर पड़ेगा महंगा

अगर आप कहीं एयर ट्रैवल करने की सोच रहे हैं तो बता दें कि 6 अक्टूबर 2026 से IndiGo की टिकट महंगी पड़ सकती है. इसका कारण है प्लेन में इस्तेमाल होने वाले फ्यूल की कीमत में इजाफा होना, जिसकी कीमत ग्राहकों से वसूली जाएगी.

Advertisement
IndiGo IndiGo

अगर आप आने वाले दिनों में फ्लाइट से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. IndiGo एयरलाइन ने डोमैस्टिक और इंटरनेशनल उड़ानों के फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी की है. नई दरें 6 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी. इसका सीधा असर नए हवाई टिकट की कीमत पर पड़ेगा.

IndiGo ने यह फैसला एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी प्लेन में इस्तेमाल होने वाले फ्लूल की कीमत बढ़ने के कारण लिया है. एयरलाइन के अनुसार, हाल में ATF की कीमत में एक महीने में 14 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है. फ्यूल प्लेन कंपनियों के बड़े खर्चों में शामिल होता है. इसलिए फ्यूल महंगा होने पर फ्लाइट चलाने की लागत भी बढ़ जाती है.

डोमैस्टिक उड़ानों में कितना बढ़ेगा खर्च?

डोमैस्टिक उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज सफर की दूरी के हिसाब से तय होगा. 500 किलोमीटर तक की उड़ान पर 375 रुपए, 501 से 1000 किलोमीटर तक 600 रुपए और 1001 से 1500 किलोमीटर तक 900 रुपए का सरचार्ज लगेगा.

वहीं 1501 से 2000 किलोमीटर की उड़ान के लिए यह चार्ज 1150 रुपए होगा. 2000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाली फ्लाइट पर 1300 रुपए का फ्यूल सरचार्ज लगेगा. नई दरों में घरेलू यात्रियों के लिए 100 से 350 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है.

इंटरनेशनल फ्लाइट भी होंगी महंगी

इस बढ़ोतरी का असर विदेश जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा. इंटरनेशनल उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज रूट के अनुसार अलग होगा. SAARC देशों के लिए यह 1000 से 3000 रुपए तक हो सकता है. दक्षिण-पूर्व एशिया, GCC, मिडिल ईस्ट और नॉर्थ व ईस्ट एशिया के लिए 5500 रुपए का चार्ज तय किया गया है. अफ्रीका के लिए 6000 रुपए और यूरोप के लिए यह 10000 रुपए तक होगा.

किन यात्रियों पर पड़ेगा असर?

नई दरें 6 अक्टूबर को रात 12:01 बजे के बाद की गई नई बुकिंग पर लागू होंगी. पहले से बुक किए गए टिकटों पर इस नई दर का असर नहीं होगा. दीवाली और छठ जैसे त्योहारों से पहले यात्रा की मांग बढ़ने की उम्मीद रहती है. ऐसे में फ्यूल सरचार्ज बढ़ने से यात्रियों का कुल सफर खर्च और बढ़ सकता है. इसलिए यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए टिकट की कीमत पहले ही जांच लेना बेहतर रहेगा.