
South India Pilgrimage Tour
South India Pilgrimage Tour
अगर आप दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं, तो इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) आपके लिए खास धार्मिक यात्रा लेकर आया है. IRCTC की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 31 जुलाई 2026 को गोरखपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी. यह यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी और 11 अगस्त 2026 को समाप्त होगी.
इस टूर में यात्रियों को दक्षिण भारत के पांच प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे. इनमें तिरुपति बालाजी मंदिर (तिरुपति), रामनाथस्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी अम्मन मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (मरकापुर) शामिल हैं.
इस टूर पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
इस पैकेज में यात्रियों को यात्रा के दौरान कई सुविधाएं एक साथ मिलेंगी. पैकेज में 2AC, 3AC और स्लीपर क्लास में यात्रा का विकल्प दिया गया है. इसके अलावा रोजाना नाश्ता, दोपहर और रात का शुद्ध शाकाहारी भोजन भी शामिल रहेगा. स्थानीय दर्शनीय स्थलों की सैर के लिए एसी और नॉन-एसी बसों की व्यवस्था भी IRCTC की ओर से की जाएगी. यानी यात्रियों को अलग से होटल, भोजन या स्थानीय परिवहन की चिंता नहीं करनी होगी.

इन स्टेशनों से कर सकेंगे यात्रा शुरू
इस भारत गौरव ट्रेन में चढ़ने और उतरने की सुविधा केवल गोरखपुर तक सीमित नहीं है. यात्री गोरखपुर, मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम (प्रतापगढ़), प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर रेलवे स्टेशनों से भी यात्रा शुरू कर सकते हैं.
कितना होगा किराया?
स्लीपर (इकोनॉमी): 23,560 प्रति व्यक्ति
3AC (स्टैंडर्ड): 39,100 प्रति व्यक्ति
2AC (कम्फर्ट): 51,760 प्रति व्यक्ति
अगर एकमुश्त भुगतान करना मुश्किल हो तो 828 की EMI के जरिए भी टिकट बुक कराने की सुविधा दी गई है.
ऐसे करें बुकिंग
IRCTC के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक (उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ) अजीत कुमार सिन्हा के अनुसार, इस टूर की बुकिंग लखनऊ के गोमती नगर स्थित IRCTC पर्यटन भवन से कराई जा सकती है. इसके अलावा यात्री IRCTC Tourism की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए भी ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं.