Air Tour Package
Air Tour Package
अगर आप अक्टूबर में धार्मिक यात्रा के साथ महाराष्ट्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों को घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो IRCTC आपके लिए खास हवाई टूर पैकेज लेकर आया है. ‘तीन ज्योतिर्लिंगों के साथ शिरडी दर्शन’ नाम से शुरू किए जा रहे इस पैकेज में यात्रियों को 5 रात और 6 दिन की यात्रा कराई जाएगी. यात्रा की शुरुआत लखनऊ से होगी और इसमें नासिक, शिरडी और छत्रपति संभाजी नगर (औरंगाबाद) के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा.
22 से 27 अक्टूबर तक होगी यात्रा
IRCTC का यह टूर पैकेज 22 अक्टूबर 2026 से 27 अक्टूबर 2026 तक चलेगा. यात्रियों को लखनऊ से नासिक और नासिक से लखनऊ की यात्रा फ्लाइट से कराई जाएगी. यात्रा के दौरान ठहरने की व्यवस्था 3 स्टार होटल में होगी. इसके अलावा पैकेज में खाने-पीने की सुविधा भी शामिल रहेगी.
नासिक में पंचवटी और त्र्यंबकेश्वर के दर्शन
यात्रा के दौरान नासिक में पंचवटी के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. यहां पांच बरगद के पेड़, सीता गुफा मंदिर और त्र्यंबकेश्वर मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे. इसके अलावा यात्रियों को भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग मंदिर भी ले जाया जाएगा.
शिरडी में साईं बाबा और शनि शिंगणापुर
पैकेज में शिरडी का धार्मिक भ्रमण भी शामिल है. यात्रियों को शिरडी साईं बाबा मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे. इसके साथ ही शनि शिंगणापुर मंदिर का भी भ्रमण कराया जाएगा.
.jpg)
औरंगाबाद में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और एलोरा
इसके बाद यात्रियों को छत्रपति संभाजी नगर (औरंगाबाद) ले जाया जाएगा. यहां घृष्णेश्वर मंदिर और प्रसिद्ध एलोरा की गुफाओं का भ्रमण कराया जाएगा. इस तरह यात्रा में धार्मिक स्थलों के साथ ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों को भी शामिल किया गया है.
एक व्यक्ति के लिए किराया 57 हजार रुपए
IRCTC के अनुसार, पैकेज की कीमत ठहरने की व्यवस्था के आधार पर अलग-अलग है.
1 व्यक्ति के लिए: 57,000 प्रति व्यक्ति
2 व्यक्तियों के साथ ठहरने पर: 46,400 प्रति व्यक्ति
3 व्यक्तियों के साथ ठहरने पर: 45,400 प्रति व्यक्ति
माता-पिता के साथ बच्चे का किराया: बेड सहित 40,800 और बिना बेड 38,400
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बुकिंग
IRCTC उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस टूर पैकेज की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी. यात्री पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित IRCTC कार्यालय से बुकिंग करा सकते हैं. इसके अलावा IRCTC की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है. यात्रा और बुकिंग से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए IRCTC के दिए गए संपर्क नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है.