North East Air Tour
North East Air Tour
अगर आप अप्रैल में नॉर्थ ईस्ट की खूबसूरत वादियों की सैर करने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. आईआरसीटीसी ने लखनऊ से नॉर्थ ईस्ट का खास हवाई टूर पैकेज लॉन्च किया है. यह पैकेज 6 रात और 7 दिन का होगा, जिसकी शुरुआत 11 अप्रैल 2026 से होगी और यात्रा 17 अप्रैल 2026 तक चलेगी. इस टूर में पर्यटकों को गुवाहाटी, शिलांग, मावलिनोंग और काजीरंगा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी.
फ्लाइट से यात्रा, 3-स्टार होटल में ठहरने की व्यवस्था
आईआरसीटीसी के इस पैकेज में यात्रियों को लखनऊ से गुवाहाटी आने-जाने की व्यवस्था सीधी फ्लाइट से कराई जाएगी. इसके अलावा ठहरने के लिए तीन सितारा होटलों की व्यवस्था की गई है. यात्रा के दौरान पर्यटकों के लिए भोजन और स्थानीय घूमने की भी पूरी व्यवस्था पैकेज में शामिल रहेगी.
इन खूबसूरत जगहों का मिलेगा अनुभव
इस टूर के दौरान पर्यटक नॉर्थ ईस्ट की कई प्रसिद्ध जगहों को करीब से देख सकेंगे. इसमें 7 सिस्टर्स फॉल्स, नोहकलिकाई फॉल्स, मावस्मई गुफाएं, एलीफेंट फॉल्स, उमियम झील (बारापानी) और शिलांग के अन्य दर्शनीय स्थल शामिल हैं.
इसके अलावा एशिया के सबसे साफ गांव के रूप में प्रसिद्ध मावलिननॉन्ग गांव, लिविंग रूट ब्रिज और दावकी में भारत-बांग्लादेश सीमा का नजारा भी दिखाया जाएगा. गुवाहाटी में पर्यटक मां कामाख्या मंदिर के दर्शन कर सकेंगे और ब्रह्मपुत्र नदी पर क्रूज यात्रा का भी आनंद ले पाएंगे. वहीं काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में वन्यजीवों को देखने का अवसर भी मिलेगा.
पैकेज का किराया
एक व्यक्ति के ठहरने पर प्रति व्यक्ति किराया: 78,400
दो लोगों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति: 56,700
तीन लोगों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति: 53,600
माता-पिता के साथ बच्चे का किराया: 46,700 (बेड सहित)
बिना बेड के बच्चे का किराया: 37,900
ऐसे करें बुकिंग
आईआरसीटीसी के उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के अनुसार इस पैकेज की बुकिंग पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर की जाएगी. इच्छुक यात्री गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन में आईआरसीटीसी कार्यालय जाकर बुकिंग करा सकते हैं.
इसके अलावा irctctourism.com वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग भी उपलब्ध है. अधिक जानकारी के लिए लखनऊ में 8287930911, 9236391911, 8287930902 और कानपुर में 9415042930 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.