scorecardresearch

सस्ते में घूमना चाहते हैं कश्मीर? IRCTC लेकर आया 6 दिन का शानदार टूर पैकेज, फ्लाइट से लेकर होटल तक सब शामिल

यह टूर पैकेज उन लोगों के लिए खास है जो गर्मी की छुट्टियों में परिवार के साथ प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेना चाहते हैं. बर्फीले पहाड़, हरे-भरे बाग और शांत झीलें इस यात्रा को यादगार बना देंगी.

Kashmir tour package Kashmir tour package

गर्मी की छुट्टियों में कश्मीर की वादियों का आनंद लेने का शानदार मौका IRCTC लेकर आया है. 'जन्नत-ए-कश्मीर' नाम से शुरू किया गया. यह 5 रात और 6 दिन का हवाई टूर पैकेज 20 जून से 25 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा. इस पैकेज में पर्यटकों को श्रीनगर, सोनमर्ग, पहलगाम और गुलमर्ग जैसी प्रसिद्ध जगहों की सैर कराई जाएगी.

लखनऊ से होगी फ्लाइट
IRCTC ने इस टूर पैकेज में यात्रियों के लिए लखनऊ से श्रीनगर तक आने-जाने की व्यवस्था फ्लाइट से की है. इससे यात्रियों का सफर आसान और आरामदायक हो जाएगा. यात्रा के दौरान तीन सितारा होटल और हाउस बोट में ठहरने की सुविधा दी जाएगी, जिससे पर्यटक कश्मीर की खूबसूरती के साथ आरामदायक प्रवास का भी आनंद ले सकेंगे.

डल झील से लेकर बर्फीली वादियों तक घूमने का मौका
इस टूर में पर्यटकों को कश्मीर के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. इसमें डल झील की शांति, गुलमर्ग की बर्फीली वादियां, सोनमर्ग की खूबसूरती और पहलगाम की प्राकृतिक छटा शामिल है. इसके अलावा पर्यटक गोंडोला केबल कार (सीधे भुगतान के आधार पर), खिलनमर्ग, बेताब घाटी, चंदनवारी, अरु घाटी, शंकराचार्य मंदिर, मुगल गार्डन, निशात बाग, चश्मेशाही, शालीमार बाग और हजरतबल दरगाह का भी दीदार कर सकेंगे.

कितना होगा किराया?
इस हवाई टूर पैकेज की कीमत व्यक्ति की ठहरने की व्यवस्था के अनुसार तय की गई है. एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का मूल्य ₹68,800 प्रति व्यक्ति रखा गया है. वहीं दो व्यक्तियों के साथ ठहरने पर यह ₹52,300 प्रति व्यक्ति होगा. तीन व्यक्तियों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति किराया ₹49,950 तय किया गया है.

बच्चों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है. माता-पिता के साथ ठहरने पर प्रति बच्चे का पैकेज ₹41,100 (बेड सहित) और ₹36,800 (बिना बेड के) रखा गया है.

पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बुकिंग
IRCTC उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस पैकेज की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी. उन्होंने कहा कि इच्छुक यात्री पर्यटन भवन, गोमती नगर स्थित IRCTC कार्यालय से या फिर IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com के जरिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं.