KSRTC Bus
KSRTC Bus
सोशल मीडिया पर इन दिनों केरल की एक सरकारी बस का वीडियो खूब चर्चा में है. वजह है इस बस का लग्जरी अंदाज. आमतौर पर सरकारी बसों में साधारण सीट और सीमित सुविधाएं देखने को मिलती हैं, लेकिन केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (KSRTC) की नई हाई-एंड बस यात्रियों को सड़क पर ही फ्लाइट जैसा अनुभव देने की कोशिश कर रही है. व्लॉगर अजय जॉनी ने इस बस का वीडियो शेयर किया है, जिसमें इसके अंदर की सुविधाओं की पूरी झलक दिखाई गई है.
थिरुवनंतपुरम से कोच्चि तक चलेगी बस
यह प्रीमियम बस सेवा तिरुवनंतपुरम और कोच्चि के बीच यात्रियों को सफर कराती है. दोनों शहरों के बीच दूरी रूट के हिसाब से करीब 200 से 227 किलोमीटर है. लंबे सफर को आरामदायक बनाने के लिए बस में कई ऐसी सुविधाएं दी गई हैं, जो आमतौर पर लग्जरी या लंबी दूरी की प्रीमियम बसों में देखने को मिलती हैं.
व्लॉगर अजय जॉनी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि अब बिजनेस क्लास का अनुभव सिर्फ इंटरनेशनल फ्लाइट तक सीमित नहीं है, बल्कि केरल की KSRTC बस में भी इसका अहसास लिया जा सकता है.
आरामदायक लेदर सीट और हर सीट पर स्क्रीन
बस के अंदर यात्रियों के लिए आरामदायक लेदर सीटें लगाई गई हैं. हर सीट के साथ अलग एंटरटेनमेंट स्क्रीन भी दी गई है. यानी लंबे सफर के दौरान यात्री अपनी सीट पर बैठकर मनोरंजन कर सकते हैं. इसके अलावा बस में फ्री Wi-Fi की सुविधा भी उपलब्ध है. यात्रियों को मोबाइल या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस चार्ज करने के लिए सीट के पास चार्जिंग पोर्ट दिए गए हैं. इससे पूरे सफर के दौरान फोन या लैपटॉप की बैटरी खत्म होने की चिंता नहीं रहेगी.
सफर में मदद के लिए मौजूद रहेगी होस्टेस
इस बस की एक और खासियत इसमें मौजूद होस्टेस है. वीडियो में होस्टेस यात्रियों को रिफ्रेशमेंट सर्व करती दिखाई देती हैं. सफर के दौरान यात्रियों को गर्म पेय के साथ शावरमा रोल भी परोसा जाता है. इस सुविधा से साफ है कि बस में सिर्फ आरामदायक सफर पर ही नहीं, बल्कि यात्रियों के पूरे ट्रैवल एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया गया है.
बस में ही बना है बाथरूम
लंबी दूरी के सफर में सबसे बड़ी परेशानी अक्सर बाथरूम की होती है. इस बस में इसका भी इंतजाम किया गया है. वीडियो में बस के अंदर बना बाथरूम दिखाया गया है, जो साफ-सुथरा और व्यवस्थित नजर आता है. यात्रियों के लिए ऑनबोर्ड बाथरूम की सुविधा खास तौर पर लंबे रूट पर काफी उपयोगी साबित हो सकती है. इससे बस को बीच रास्ते में सिर्फ इस वजह से रोकने की जरूरत कम हो सकती है.
रेलवे अधिकारी ने भी शेयर किया वीडियो
बस की सुविधाओं वाला यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. इसे भारतीय रेलवे के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर अनंत रुपनागुड़ी ने भी X पर शेयर किया और बस की सुविधाओं की तारीफ की. लेदर सीट, एंटरटेनमेंट स्क्रीन, फ्री Wi-Fi, चार्जिंग पोर्ट, रिफ्रेशमेंट, होस्टेस और बाथरूम जैसी सुविधाओं ने KSRTC की इस बस को आम सरकारी बसों से काफी अलग बना दिया है.
ये भी पढ़ें: