scorecardresearch

Indian Railways: इस दिन को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी नई दिल्ली-वाराणसी Vande Bharat Sleeper Train, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल, यहां देखें

नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी. गाड़ी संख्या 27421 अप वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन  02.11.2026 से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी. इसी तरह नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली 27422 डाउन स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शनिवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी. 

Advertisement
Vande Bharat Sleeper Train Vande Bharat Sleeper Train

New Delhi-Varanasi Vande Bharat Sleeper Train: देश की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 2 नवंबर 2026 से नियमित रूप से चलाई जाएगी. नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली इस ट्रेन का उद्घाटन 31 अक्टूबर 2026 को किया गया था. इस स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का परिचालन सप्ताह में 6 दिन होगा. रेलवे ने इस नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेन के नियमित परिचालन का पूरा शेड्यूल जारी किया है. 

गाड़ी संख्या 27421 अप वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन  02.11.2026 से शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी. इसी तरह नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली 27422 डाउन स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शनिवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी. यानी वाराणसी से नई दिल्ली की तरफ जाने वाली ट्रेन शुक्रवार को और नई दिल्ली से वाराणसी की तरफ जाने वाली ट्रेन शनिवार को नहीं चलाई जाएगी.

आवागमन में होगी सहूलियत
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य दिन संपर्क अधिकारी (CPRO) डॉक्टर शिवम शर्मा ने बताया कि रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक एवं तेज रेल यात्रा सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 27421/27422 वाराणसी-नई दिल्ली-वाराणसी के बीच नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का संचालन प्रारम्भ किया जा रहा है. ज्ञात हो कि इस ट्रेन सेवा का उद्घाटन 31 अक्टूबर को ट्रेन नंबर  02527 के उद्घाटन स्पेशल के रूप में किया गया था. इस ट्रेन मे फर्स्ट एसी का 1, सेकेंड एसी के 4 और थर्ड एसी 11 कोच होंगे. 

यहां देखें नियमित समय सारणी 
गाड़ी संख्या 27421 अप वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत 
यह गाड़ी वाराणसी से रात्रि 20:50 बजे प्रस्थान करेगी. वाराणसी से खुलने के बाद यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन पर 22:35 बजे पहुंचेगी और 5 मिनट रुकने के बाद 22:40 बजे प्रस्थान करेगी. इसके बाद कानपुर सेंट्रल पर 00:40 बजे पहुंचेगी और  00:45 बजे खुलने के बाद जंक्शन पर 03:55 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी. अलीगढ़ जंक्शन पर इसका स्टॉपेज 2 मिनट का होगा. अलीगढ़ से खुलने के बाद यह ट्रेन 05:23 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी. यहां भी इसका स्टॉपेज 2 मिनट का होगा और गाजियाबाद से 05:25 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन प्रातः 06:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.

गाड़ी संख्या 27422 डाउन नई दिल्ली-वाराणसी स्लीपर वंदे भारत
यह गाड़ी नई दिल्ली से रात्रि 21:40 बजे प्रस्थान करेगी. इसके बाद यह गाड़ी गाजियाबाद  22:13 बजे पहुंचकर 22:15 बजे प्रस्थान करेगी. गाजियाबाद के बाद अलीगढ़ जंक्शन पर 23:20 बजे आगमन एवं 23:22 बजे प्रस्थान का समय रहेगा. कानपुर सेंट्रल पर आधी रात के बाद 02:45 बजे आगमन एवं 02:50 बजे प्रस्थान होगा. प्रयागराज जंक्शन पर 05:05 बजे आगमन एवं 05:10 बजे प्रस्थान करेगी. इसके बाद प्रातः 07:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी.