Vande Bharat Sleeper Train
Vande Bharat Sleeper Train
ट्रेन से अचानक कहीं जाने का प्लान बने और टिकट न मिले तो तत्काल बुकिंग यात्रियों के लिए बड़ी राहत होती है. लेकिन वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को यह सुविधा नहीं मिलेगी. यानी इस ट्रेन में सफर करना है तो पहले से टिकट बुक कराना होगा. आखिरी समय में यात्रा का प्लान बनाने वाले यात्रियों को दूसरी ट्रेन का विकल्प तलाशना पड़ सकता है.
भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार नई ट्रेनें चला रहा है. इसी कड़ी में स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की गई है. इस ट्रेन को लेकर यात्रियों में काफी उत्साह है. परिचालन शुरू होने के पहले दिन से ही सभी क्लास की सीटें बुक हो गई थीं. हालांकि, इस ट्रेन में तत्काल टिकट की सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों को यात्रा की योजना पहले से बनानी होगी.
राजधानी और शताब्दी में तत्काल लेकिन स्लीपर वंदे भारत में नहीं
भारतीय रेलवे की कई प्रीमियम ट्रेनों में तत्काल टिकट बुक करने की सुविधा मिलती है. इनमें राजधानी, शताब्दी और चेयर कार वाली वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं. इन ट्रेनों में यात्री जरूरत पड़ने पर तत्काल कोटे के तहत टिकट बुक कर सकते हैं. लेकिन स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस के मामले में व्यवस्था अलग रखी गई है. इसमें तत्काल टिकट का कोटा उपलब्ध नहीं है. यात्री केवल सामान्य आरक्षण के तहत ही टिकट बुक कर सकते हैं. ऐसे में जिन लोगों को इस ट्रेन से सफर करना है, उन्हें टिकट की बुकिंग पहले ही करानी होगी.
16 कोच वाली ट्रेन में कुल 823 बर्थ
थर्ड एसी: 11 कोच और 611 बर्थ
सेकेंड एसी: 4 कोच और 188 बर्थ
फर्स्ट एसी: 1 कोच और 24 बर्थ
इस तरह ट्रेन में कुल 823 बर्थ उपलब्ध हैं. अलग-अलग श्रेणियों के विकल्प होने से यात्री अपनी सुविधा और बजट के हिसाब से टिकट चुन सकते हैं.
टिकट बुकिंग में नहीं लगेगा फ्लेक्सी फेयर
स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की एक और खास बात यह है कि इसमें फ्लेक्सी फेयर की व्यवस्था नहीं है. आमतौर पर फ्लेक्सी फेयर वाली ट्रेनों में सीटों की बुकिंग बढ़ने के साथ किराया भी बढ़ सकता है. लेकिन इस ट्रेन में यह व्यवस्था लागू नहीं की गई है.
ये भी पढ़ें: