Places to Visit in october
Places to Visit in october
मानसून के बाद अक्टूबर का महीना घूमने-फिरने के लिए काफी अच्छा माना जाता है. बारिश के बाद प्रकृति खूबसूरत नजर आती है और कई जगहों का मौसम भी सुहाना हो जाता है. यही वजह है कि इस समय पहाड़ों से लेकर समुद्र तट और ऐतिहासिक शहरों तक घूमने का प्लान बनाया जा सकता है. अगर आप भी परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ अक्टूबर में कहीं घूमने की सोच रहे हैं, तो इन जगहों को अपनी बकेट लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
राजस्थान
अक्टूबर में राजस्थान घूमना एक शानदार अनुभव हो सकता है. जयपुर में हवा महल, सिटी पैलेस, आमेर फोर्ट और जयगढ़ किले को एक्सप्लोर कर सकते हैं. इसके अलावा जैसलमेर के रेगिस्तान, जोधपुर के किले और उदयपुर की झीलें आपकी ट्रिप को यादगार बना सकती हैं. गर्मियों की तुलना में अक्टूबर का मौसम यहां घूमने के लिए काफी बेहतर रहता है.
बीर बिलिंग
अगर आपको रोमांच पसंद है तो हिमाचल प्रदेश का बीर बिलिंग आपके लिए खास जगह हो सकती है. अक्टूबर में मानसून के बाद आसमान साफ रहने से पैराग्लाइडिंग का मजा लिया जा सकता है. यहां बिलिंग से पैराग्लाइडिंग शुरू होती है और बीर में लैंडिंग होती है. दोनों जगहों के बीच करीब 14 किलोमीटर की दूरी है. इसके अलावा ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग और कैंपिंग भी कर सकते हैं. यहां मौजूद तिब्बती मठ आपकी यात्रा में शांति का अनुभव जोड़ते हैं.
गोवा
गोवा घूमने के लिए अक्टूबर का समय भी काफी अच्छा माना जाता है. मानसून खत्म होने के बाद बीच और दूसरे टूरिस्ट स्पॉट फिर से गुलजार होने लगते हैं. नॉर्थ गोवा में कैलंगुट और बागा जैसे लोकप्रिय बीच घूम सकते हैं, जबकि साउथ गोवा में कोलवा और पालोलेम जैसे शांत समुद्र तटों का आनंद लिया जा सकता है.
अंडमान और निकोबार
अक्टूबर में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह भी घूमने के लिए अच्छा विकल्प है. मानसून के बाद यहां पर्यटन गतिविधियां फिर से बढ़ने लगती हैं. खूबसूरत समुद्र तटों पर घूमने के साथ आप कई तरह के वाटर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकते हैं. दोस्तों या परिवार के साथ यहां बिताया समय आपकी अक्टूबर ट्रिप को यादगार बना सकता है.
ये भी पढ़ें: