scorecardresearch

Ganga Expressway का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे की जानिए खासियत

Ganga Expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल 2026 को यूपी के हरदोई से गंगा एक्सप्रेसवे की शुरुआत करेंगे. गंगा एक्सप्रेसवे से प्रदेश की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है. यह एक्सप्रेस-वे यात्रा समय को काफी कम कर देगा. 

Advertisement
PM Modi will Inaugurate Ganga Expressway (Photo: ITG)  PM Modi will Inaugurate Ganga Expressway (Photo: ITG) 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल 2026 को यूपी के हरदोई से गंगा एक्सप्रेसवे की शुरुआत करेंगे. हरदोई के मल्लावां में प्रधानमंत्री मोदी 594 किलोमीटर लंबी यूपी के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. 594 किलोमीटर का  गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के 12 जिलों को जोड़ रहा है. गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के जिन 12 जिलों से होकर गुजरेगा उनमें मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज शामिल हैं.

फिलहाल गंगा एक्सप्रेसवे 6 लेन का एक्सप्रेसवे है लेकिन भविष्य में अगर जरूरत पड़ी तो इसे 8 लेन तक बढ़ाया जा सकता है. गंगा एक्सप्रेसवे से प्रदेश की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है. यह एक्सप्रेस-वे यात्रा समय को काफी कम कर देगा. अब मेरठ से लखनऊ जाने में सिर्फ 6 से 8 घंटे लगेंगे, जो उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी के लिहाज से सबसे बड़ा होगा. मेरठ से प्रयागराज तक का सफर महज 6 से 8 घंटे में पूरा किया जा सकेगा. इस परियोजना से व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. गंगा एक्सप्रेसवे का काम नवंबर 2022 में शुरू हुआ और अप्रैल 2026 में ये बनकर तैयार है.

गंगा एक्सप्रेसवे की खासियत
गंगा एक्सप्रेसवे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है. गंगा एक्सप्रेसवे के बीच में दोनों साइड एक एक लेन सड़क बनाने की जगह छोड़ी गई है. साथ ही एक्सप्रेसवे के बाहर साइड लगभग एक लेन से ज़्यादा जगह पार्किंग के लिए भी रखी गई है. गंगा एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा के कई बेहतरीन इंतज़ाम किए गए हैं. एक्सप्रेसवे के दोनों तरह सीमेंटेड फेंसिंग की गई है. इसके अलावा स्पीड चेक करने के लिए हर दस किलोमीटर पर मॉनिटरिंग कैमरे लगाए गए हैं. इस एक्सप्रेसवे पर हर एक किलोमीटर पर हाई रेजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं. डिवाइडर पर पेड़ पौधे लगाए गए हैं. रोड पर ऐड स्ट्रिप पर छोटे छोटे ब्रेकर नुमा पट्टे बनाए गए हैं, ताकि अगर ड्राइवर को नींद आ जाये या कोई गलती से लेन से बाहर जाये तो टायर से गड़गड़ाहट की आवाज़ से ड्राइवर अलर्ट हो जाए. एक्सप्रेसवे पर कुल नौ फैसिलिटी सेंटर बनाये गए हैं. हर फैसिलिटी सेंटर पर पेट्रोल/डीज़ल पम्प, सीएनजी पम्प, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग पॉइंट, फ़ूड कोर्ट, कार पिक अप फ़ूड ऑर्डर पॉइंट, कैफेटेरिया, ढाबा, मोटेल, डॉरमेट्री, ट्रामा सेंटर, मोटर व्हीकल सर्विस सेंटर, टॉयलेट्स और बड़ी पार्किंग बनाई गई है. देश में बने एक्सप्रेसवे में गंगा एक्सप्रेसवे पहला है, जहां फैसिलिटी सेंटर में ट्रामा सेंटर की सुविधा दी गई है. 

सीएम योगी ने लिया तैयारियों का जायजा
यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम से एक्सप्रेस वे का रिकॉर्ड दर्ज हो गया. उनके कार्यकाल में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और अब गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन होने जा रहा है. इसके अलावा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे भी अपनी आखिरी चरण में है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम यूपी को एक्सप्रेस वे राज्य बनाने का श्रेय जाता है. प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के पहले सीएम योगी ने हरदोई जाकर तैयारियों का जायजा लिया है. मल्लावां में पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे थे. उन्होंने मंच पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी बैठने की व्यवस्था और आम जनता के लिए बनाए गए इंतजामों को देखा. मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की. योगी ने कहा गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन पूरे प्रदेश के लिए विकास की नई दिशा तय करेगा.