shimla international summer festival
shimla international summer festival
शिमला में 8 जून से 12 जून तक आयोजित किए जा रहे इंटरनेशनल शिमला समर फेस्टिवल में इस बार कई नए प्रयोग देखने को मिल रहे हैं. पहले जहां आयोजन मुख्य रूप से सांस्कृतिक संध्याओं तक सीमित रहता था, वहीं इस बार हिमाचल की लोक संस्कृति और परंपराओं को केंद्र में रखा गया है. फेस्टिवल में पारंपरिक लोकनृत्य, पहाड़ी व्यंजन, डॉग शो, पहाड़ी कवि सम्मेलन और महानाटी जैसे कार्यक्रम लोगों को आकर्षित कर रहे हैं. यही वजह है कि पर्यटक मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से बचने के लिए बड़ी संख्या में इन दिनों पहाड़ों का रुख कर रहे हैं. ठंडी हवाएं, खूबसूरत वादियां और सुकून भरा माहौल शिमला को हमेशा से सैलानियों की पसंद बनाता रहा है.
अगर आप भी दिल्ली NCR और शिमला के आस-पास रहते है और 48 डिग्री के गर्मी से परेशान हैं? चाहते हैं सुकून भरा वीकेंड, तो वीकेंड में यहां जा सकते हैं और ठंडी पहाड़ों का लुत्फ उठा सकते हैं.
इस-इस चीजों का मजा लेते दिखे पर्यटक
इस बार के आयोजन की सबसे खास बात हॉट एयर बैलून और जॉय राइड जैसी नई गतिविधियां हैं, जिसका आनंद पर्यटक उठा रहे हैं. इन आयोजनों ने लोगों के उत्साह को और बढ़ा दिया है. दिनभर चलने वाली इन गतिविधियों में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आए सैलानी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. शाम ढलते ही शिमला का ऐतिहासिक रिज मैदान रंग-बिरंगी रोशनी और संगीत से सराबोर हो जाता है. सांस्कृतिक संध्या के दौरान बॉलीवुड, पंजाबी और हिमाचली कलाकारों की प्रस्तुतियां माहौल को और जीवंत बना देती हैं. कलाकारों के गीतों पर दर्शक भी जमकर थिरकते नजर आते हैं.
पर्यटकों को भा रही हिमाचल की संस्कृति
बाहरी राज्यों से पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि शिमला का प्राकृतिक सौंदर्य और यहां की संस्कृति उन्हें खास तौर पर आकर्षित करती है. फेस्टिवल के जरिए हिमाचली खानपान, लोककला और परंपराओं को करीब से जानने का मौका मिल रहा है. जहां मैदानी इलाकों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच रहा है, वहीं शिमला का तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है, जो लोगों को राहत दे रहा है. स्थानीय लोगों का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में समर फेस्टिवल का आकर्षण कम होने लगा था, लेकिन इस बार किए गए बदलावों ने आयोजन में नई जान फूंक दी है. दिनभर अलग-अलग कार्यक्रम होने से लोगों को मनोरंजन के कई विकल्प मिल रहे हैं.
पर्यटकों के लिए भविष्य में हेलीकॉप्टर जॉय राइड की योजना
शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप के मुताबिक इस बार सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि भविष्य में हेलीकॉप्टर जॉय राइड शुरू करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है. तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद इसे शुरू करने पर विचार किया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि इस बार के समर फेस्टिवल को पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने सफल बना दिया है और आने वाले दिनों में भी शिमला इसी तरह सैलानियों का स्वागत करता रहेगा.
(रिपोर्ट- विकाश कुमार)
ये भी पढ़ें