Vande Bharat
Vande Bharat
नॉर्थ गुजरात को सोमवार को बड़ी रेलवे सौगात मिली. राज्य में छठी वंदे भारत ट्रेन सेवा की शुरुआत हो गई. Vande Bharat Express अब उदयपुर और असरवा के बीच चलेगी. उदयपुर-असरवा वंदे भारत ट्रेन को हिम्मतनगर रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
साबरकांठा और अरावली के लोगों का सपना पूरा
साबरकांठा और अरावली जिलों के लोगों के लिए यह दिन खास रहा. लंबे समय से इस क्षेत्र को तेज और आधुनिक ट्रेन सेवा से जोड़ने की मांग उठ रही थी. अब वंदे भारत के हिम्मतनगर रूट से जुड़ने पर लोगों में उत्साह का माहौल है.
सोमवार दोपहर पहली ट्रेन उदयपुर से हिम्मतनगर पहुंची, जहां स्टेशन पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया. सांसद शोभनाबेन बरैया ने असरवा के लिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. उनके साथ राज्यसभा सांसद रमीलाबेन बरैया, मयंक नायक सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
सांसद शोभनाबेन बरैया ने केंद्रीय रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw से मुलाकात कर हिम्मतनगर रूट पर वंदे भारत सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा था. उसी पहल का नतीजा है कि अब यह ट्रेन सेवा शुरू हो पाई है.
हफ्ते में छह दिन चलेगी ट्रेन
उदयपुर-असरवा वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी. असरवा से ट्रेन शाम 6 बजे रवाना होगी और रात 10 बजे उदयपुर पहुंचेगी. वहीं, उदयपुर से सुबह 6 बजे निकलकर यह ट्रेन सुबह 10:25 बजे हिम्मतनगर पहुंचेगी. इससे यात्रियों का समय बचेगा और सफर अधिक आरामदायक होगा.
अरावली की वादियों से होकर गुजरेगी ट्रेन
अहमदाबाद-उदयपुर रेल रूट अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है. यह मार्ग अरावली की पहाड़ियों और हरियाली से होकर गुजरता है. अब वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन के इस रूट पर चलने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
रिपोर्ट- हंसमुख भाई