scorecardresearch

वाराणसी से दिल्ली का सफर होगा आसान, 31 अक्टूबर को चलेगी यूपी की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, प्रयागराज-कानपुर समेत 5 स्टेशनों पर रुकेगी

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन का उद्घाटन शनिवार, 31 अक्टूबर को किया जाएगा. उद्घाटन के मौके पर ट्रेन संख्या 02527 बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेगी.

Advertisement
Vande Bharat Sleeper Vande Bharat Sleeper

भारतीय रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक नई सुविधा जुड़ने जा रही है. अब वाराणसी से देश की राजधानी दिल्ली तक की लंबी दूरी का सफर स्लीपर वंदे भारत ट्रेन से किया जा सकेगा. खास बात यह है कि यह उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी. इसका उद्घाटन 31 अक्टूबर 2026 को बनारस रेलवे स्टेशन से किया जाएगा. इस ट्रेन के शुरू होने से काशी, प्रयागराज, कानपुर और अलीगढ़ समेत कई शहरों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने के लिए एक नया विकल्प मिलेगा.

रेलवे के मुताबिक, आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को पहले से ज्यादा आरामदायक बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है. उद्घाटन के दिन यह ट्रेन विशेष सेवा के रूप में चलाई जाएगी. रेलवे ने इसके लिए समय-सारिणी भी जारी कर दी है.

दोपहर 4:15 बजे बनारस से खुलेगी ट्रेन
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन का उद्घाटन शनिवार, 31 अक्टूबर को किया जाएगा. उद्घाटन के मौके पर ट्रेन संख्या 02527 बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेगी. यह ट्रेन बनारस रेलवे स्टेशन (BNRS) से दोपहर 4:15 बजे रवाना होगी. रास्ते में प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में रुकेगी. इसके बाद यह रात 2 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी.

जानिए किन स्टेशनों पर कितने बजे पहुंचेगी ट्रेन

रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के मुताबिक, ट्रेन का अलग-अलग स्टेशनों पर पहुंचने और रवाना होने का समय इस प्रकार है.

  • बनारस: दोपहर 4:15 बजे प्रस्थान

  • प्रयागराज: शाम 6 बजे आगमन

  • कानपुर सेंट्रल: रात 8:05 बजे आगमन

  • अलीगढ़: रात 11:20 बजे आगमन और 11:22 बजे प्रस्थान

  • गाजियाबाद: रात 1:10 बजे आगमन

  • नई दिल्ली: रात 2 बजे आगमन

इस तरह बनारस से चलकर ट्रेन करीब 9 घंटे 45 मिनट में नई दिल्ली पहुंचेगी. हालांकि, यह समय उद्घाटन स्पेशल सेवा के लिए जारी किया गया है.

काशी से दिल्ली तक सफर करने वालों को मिलेगा नया विकल्प
इस ट्रेन के शुरू होने से पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है. वाराणसी और आसपास के इलाकों से दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए यह एक नया रेल विकल्प होगा. वहीं, प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद के यात्री भी इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे.