scorecardresearch

22 अगस्त से शुरू हो रहा 'द राइडिंग चैप्टर्स' का दूसरा संस्करण, चुनार किला, देवदरी और राजदरी वॉटरफॉल होंगे सफर का हिस्सा

राइड की शुरुआत 22 अगस्त 2026 की सुबह आठ बजे लखनऊ के 1090 चौराहा से होगी. प्रतिभागी सुल्तानपुर और जौनपुर होते हुए आगे बढ़ेंगे. दोपहर में सारनाथ स्थित राही पर्यटक बंगले में लंच के बाद बाइकर्स चुनार किले के लिए रवाना होंगे.

Advertisement
The Riding Chapters The Riding Chapters

उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक किलों, प्राकृतिक स्थलों और विरासत को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग 'द राइडिंग चैप्टर्स : विजिट माय स्टेट' का दूसरा संस्करण 22 और 23 अगस्त को आयोजित करने जा रहा है. रोमांच पसंद करने वाले युवाओं और मोटरसाइकिल प्रेमियों के लिए यह विशेष अवसर होगा. दो दिवसीय बाइक राइड के दौरान प्रतिभागियों को सदियों पुराने चुनार किले की ऐतिहासिक विरासत से लेकर गंगा तट की आध्यात्मिक आभा और मानसून में जीवंत हो उठने वाले देवदरी-राजदरी के झरनों तक ले जाएगी. यह यात्रा इतिहास, आस्था, प्रकृति और रोमांच का संगम होगा.   

'द राइडिंग चैप्टर्स' के पहले संस्करण में बाइकर्स के समूह ने बुंदेलखंड स्थित कालिंजर किले का सफर किया था. अब दूसरे संस्करण में यात्रा पूर्वांचल की ओर बढ़ेगी. राइड के दौरान चुनार किला, शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर, देवदरी और राजदरी जलप्रपात को जोड़ा गया है. इस रूट को इस तरह तैयार किया गया है कि प्रतिभागियों को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण उन स्थलों से परिचय कराया जा सके, जो अक्सर सामान्य वीकेंड ट्रैवल प्लान का हिस्सा नहीं बन पाते हैं.

सुल्तानपुर-जौनपुर के रास्ते आगे बढ़ेंगे
राइड की शुरुआत 22 अगस्त 2026 की सुबह आठ बजे लखनऊ के 1090 चौराहा से होगी. प्रतिभागी सुल्तानपुर और जौनपुर होते हुए आगे बढ़ेंगे. दोपहर में सारनाथ स्थित राही पर्यटक बंगले में लंच के बाद बाइकर्स चुनार किले के लिए रवाना होंगे. तय रूट के अनुसार यह स्थल लखनऊ से करीब 346 किलोमीटर की दूरी पर होगा. इसके बाद प्रतिभागी रात में काशी आनंदम में ठहरेंगे.

देवदरी-राजदरी जलप्रपात का रोमांच
यात्रा के दूसरे दिन (23 अगस्त) की शुरुआत शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और गंगा आरती से होगी. इसके बाद बाइक सवारों का दल देवदरी और राजदरी जलप्रपात की ओर रवाना होंगे. लखनऊ से करीब 440 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ये जलप्रपात मानसून के दौरान यात्रा के रोमांच और प्राकृतिक सौंदर्य को नई ऊंचाई देंगे.

The Riding Chapters

हर पड़ाव के साथ नया नजारा
‘द राइडिंग चैप्टर्स’ का दूसरा संस्करण एक ही रूट पर इतिहास, आस्था, प्रकृति और रोमांच के अलग-अलग रंगों को समेटे हुए है. सफर की शुरुआत चुनार किले की ऐतिहासिक विरासत से होगी, तो शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर यात्रा आध्यात्मिकता से जुड़ जाएगी. तत्पश्चात, देवदरी और राजदरी जलप्रपात मानसून में विंध्य क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती और रोमांच का अहसास कराएंगे. खास बात यह है कि इस बाइक राइड में हर पड़ाव के साथ नजारा ही नहीं, बल्कि सफर का अनुभव भी बदलता जाएगा.  

अल्पज्ञात स्थलों की ओर बढ़ाएं कदम- मंत्री
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'द राइडिंग चैप्टर्स’ के जरिए युवाओं को उत्तर प्रदेश के उन पर्यटन स्थलों से रूबरू कराने की पहल की जा रही है, जिनसे अभी भी बड़ी संख्या में लोग अनजान हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश के ऐतिहासिक किले, धार्मिक स्थल, प्राकृतिक सौंदर्य और खूबसूरत सड़क मार्ग वीकेंड ट्रिप के साथ-साथ एडवेंचर टूरिज्म की भी अपार संभावनाएं समेटे हुए हैं. उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे परिचित पर्यटन स्थलों से आगे बढ़ें, अल्पज्ञात की खूबसूरती को तलाशें और एक जिम्मेदार पर्यटक की भूमिका निभाएं.' 

The Riding Chapters

...ताकि पर्यटकों के लिए पहुंच हो आसान- अपर मुख्य सचिव
पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि 'इस तरह की सुनियोजित सड़क यात्राएं प्रदेश के अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को पर्यटकों की नियमित यात्रा का हिस्सा बनाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं. उन्होंने कहा कि मजबूत पर्यटन संभावनाओं वाले स्थलों को आकर्षक यात्रा मार्गों से जोड़ने का उद्देश्य उन्हें पर्यटकों के लिए आसानी से पहुंच योग्य बनाना है. इससे उत्तर प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और आगंतुकों को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों को देखने के अवसर मिलेंगे.'

मोटरसाइकिल राइडिंग में रुचि रखने वाले प्रतिभागी रजिस्ट्रेशन के लिए यहां आवेदन कर सकते हैं:-
[https://www.ridersmusicfestival.com/contest/the-riding-chapters](https://www.ridersmusicfestival.com/contest/the-riding-chapters)

प्रतिभागियों को 22 अगस्त 2026 को सुबह 06:30 बजे तक 1090 चौराहा, लखनऊ पहुंचना होगा. यहां से सुबह आठ बजे बाइक राइड की शुरुआत होगी.