AI Generated Image
AI Generated Image
फ्लाइट से उतरने के बाद सबसे ज्यादा इंतजार यात्रियों को अपने सामान का होता है. यात्री बैगेज बेल्ट के सामने खड़े होकर अपने बैग के आने का इंतजार करते रहते हैं. अक्सर होता है कि दूसरे यात्रियों का सामान जल्दी आ जाता है, लेकिन आपका बैग काफी देर बाद दिखाई देता है. ऐसे में कुछ लोगों को लगने लगता है कि शायद उनका सामान देर से लोड किया गया होगा. लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता. दरअसल एयरपोर्ट पर सामान पहुंचने का पूरा काम एक तय तरीके से होता है. जिसमें अनेक स्टेप्स जुड़े होते हैं.
अगर आप फ्लाइट के लिए सबसे पहले चेक इन करते हैं तो जरूरी नहीं कि आपका बैग भी बैगेज बेल्ट पर सबसे पहले आए. प्लेन में सामान अलग-अलग हिस्सों में रखा जाता है. कई बार जो बैग पहले प्लेन में लोड किए जाते हैं, वे अंदर ऐसी जगह पहुंचते हैं जहां से उन्हें आखिर में बाहर निकाला जाता है. इसलिए जल्दी चेक इन करने का मतलब जल्दी सामान मिलना नहीं है.
यह बात थोड़ी अजीब लग सकती है, लेकिन कुछ मामलों में देर से चेक इन किया गया सामान पहले मिल सकता है. इसकी वजह यह है कि ऐसे बैग बाद में प्लेन में रखे जाते हैं और कुछ स्थिति में उन्हें पहले बाहर निकाला जा सकता है. हालांकि सिर्फ जल्दी सामान पाने के लिए देर से चेक इन करना सही नहीं है. इससे फ्लाइट छूटने का खतरा हो सकता है.
अगर आपकी फ्लाइट के बीच में कहीं रुकने यानी लेओवर की जरूरत है, तो सामान की प्रोसेस और ज्यादा मुश्किल हो जाती है. कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों के बैग को समय पर दूसरी फ्लाइट तक पहुंचाने के लिए अलग तरीके से संभाला जा सकता है. इसलिए एक ही फ्लाइट में बैठे यात्रियों को भी सामान अलग-अलग समय पर मिल सकता है.
बिजनेस या प्रीमियम क्लास में सफर करने वाले यात्रियों और कुछ खास एयरलाइन सदस्यों के सामान पर प्रायोरिटी टैग लगाया जा सकता है. ऐसे बैग को कई एयरपोर्ट पर सामान्य सामान से पहले निकालने की कोशिश की जाती है.
अगर आपके पास स्ट्रोलर, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट, गोल्फ किट या कोई बहुत बड़ा बैग है तो वह सामान्य बैगेज बेल्ट पर नहीं आ सकता. ऐसे सामान के लिए अलग जगह हो सकती है. इसलिए मेन बेल्ट पर इंतजार करते रहने के बजाय एयरपोर्ट के स्टाफ से पूछना बेहतर होता है.
कभी-कभी देरी की वजह आपका सामान नहीं बल्कि एयरपोर्ट का सिस्टम होता है. बैगेज स्टाफ की कमी, एक साथ कई प्लेनों का पहुंचना, खराब मौसम या बैगेज सिस्टम में तकनीकी परेशानी के कारण सामान देर से बेल्ट तक पहुंच सकता है. इसलिए अगली बार बैगेज बेल्ट पर आपका सामान सबसे आखिर में आए तो परेशान होने से पहले समझ लें कि इसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं.