Canva layoffs
Canva layoffs
Canva में पहली बार बड़े लेवल की छंटनी हो रही है. दरअसल, कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) के बढ़ते खर्च और ऑटोमेशन के चलते कुछ बदलाव करने जा रहा है. इस फैसले का असर कंपनी के 22% वर्कफोर्स यानी 1,271 कर्मचारियों पर पड़ेगा. कुछ लोगों की नौकरी जा सकती है, जबकि कई कर्मचारियों की जिम्मेदारियां और काम करने की जगह बदल सकती है.
कंपनी की CEO मेलानी पर्किन्स ने बुधवार को कर्मचारियों के साथ साझा किए गए एक नोट में इस बदलाव की जानकारी दी. उनका कहना है कि AI के आने से डिजाइन बनाने का तरीका बदल रहा है. ऐसे में कंपनी को भी अपने कामकाज का ढांचा बदलना होगा. यह बदलाव Canva के 13 साल के इतिहास का सबसे मुश्किल दौर बताया जा रहा है. सीईओ ने बताया है कि कंपनी मुश्किल समय से गुजर रही है. मीमो में उन्होंने लिखा है कि इसकी वजह से लोगों को होने वाली परेशानी और दुख के लिए माफी चाहता हूं.
AI के कारण क्यों बदल रही हैं टेक कंपनियां?
Canva का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब दुनियाभर की सॉफ्टवेयर कंपनियां AI के बढ़ते इस्तेमाल से अपने बिजनेस मॉडल पर दोबारा विचार कर रही हैं. पहले डिजाइनिंग, फोटो एडिटिंग और प्रेजेंटेशन बनाने के लिए लोगों को अलग-अलग सॉफ्टवेयर सीखने पड़ते थे. अब AI टूल्स की मदद से कई काम कुछ निर्देश देकर ही किए जा सकते हैं. इससे लोगों की विशेषज्ञ सॉफ्टवेयर पर निर्भरता कम हो रही है.
Anthropic के Claude जैसे AI टूल्स के आने से भी पारंपरिक सॉफ्टवेयर कंपनियों के बिजनेस पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. निवेशक भी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि AI कहीं पुराने सॉफ्टवेयर की जगह न ले ले.
मेलानी पर्किन्स के मुताबिक, नई तकनीक यह बदल रही है कि लोग क्या बना सकते हैं, कैसे बना सकते हैं और किसी प्रोडक्ट से उनकी उम्मीदें क्या हैं. इसलिए कंपनी को छोटे-मोटे बदलाव के बजाय बड़े लेवल पर पुनर्गठन की जरूरत है.
छोटी टीमें बनेंगी, सिडनी में बढ़ेगा काम
कंपनी अब अपने कामकाज को पहले से सरल बनाना चाहती है. इसके लिए छोटी और ज्यादा अधिकार वाली टीमें बनाई जाएंगी, ताकि फैसले जल्दी लिए जा सकें और काम तेजी से हो. सिडनी को कंपनी की प्रोडक्ट टीमों का मुख्य केंद्र बनाया जाएगा. इसके अलावा कर्मचारियों के ऑफिस आने के नियमों में भी बदलाव होगा. जनवरी से ज्यादातर हाइब्रिड कर्मचारियों को सप्ताह में दो से तीन दिन ऑफिस आना होगा. यानी अब घर और ऑफिस से काम करने के मौजूदा तरीके में भी बदलाव देखने को मिलेगा.
छंटनी में बाहर जाने वाले कर्मचारियों को खास सुविधाएं
हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि 1,271 प्रभावित कर्मचारियों में से कितने लोगों की नौकरी जाएगी और कितने लोगों की भूमिका या काम करने की जगह बदलेगी. कैनवा छंटनी में बाहर जाने वाले कर्मचारियों को कुछ खास सुविधाएं दे रही हैं. इसमें मुफ्त MacBook भी शामिल है. कंपनी के मेमो के मुताबिक, छंटनी का सामना करने वाले सभी 1271 कर्मचारियों को कंपनी ने MacBook रखने की परमिशन है.
40 अरब डॉलर तक पहुंची थी कंपनी की वैल्यू
Canva की वैल्यूएशन साल 2021 में करीब 40 अरब डॉलर तक पहुंच गई थी. हालांकि, 2022 में टेक कंपनियों के शेयरों में गिरावट के दौरान इसकी वैल्यू घटकर करीब 26 अरब डॉलर रह गई थी. बाद में इसमें सुधार हुआ. कंपनी संभावित शेयर बाजार लिस्टिंग की तैयारी भी कर रही है. ऐसे में AI के दौर में यह पुनर्गठन उसके लिए अहम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें