लड़की का मगरमच्छ के साथ करवाया ग्रेजुएशन फोटोशूट
लड़की का मगरमच्छ के साथ करवाया ग्रेजुएशन फोटोशूट
आमतौर पर ग्रेजुएशन पूरा होने के बाद लोग या तो दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं, कैप उछालते हैं, नहीं तो फिर परिवार के साथ इस खास पल को यादगार बनाते हैं. लेकिन अमेरिका की एक लड़की ने अपने ग्रेजुएशन फोटोशूट के लिए ऐसा तरीका चुना, जिसे देखकर लोग हैरान हो रहें. इस फोटोशूट में उनके साथ कोई दोस्त या स्टूडियो सेटअप नहीं, बल्कि 14 फुट लंबा विशालकाय मगरमच्छ नजर आया. इतना ही नहीं अगले पल ही लड़की मगरमच्छ को किस करते भी नजर आई. लोग इस तस्वीर को देख कर लड़की के दिलेरी की तारीफ कर रहे हैं.
मगरमच्छ के साथ दिए हैरान करने वाले पोज
मैकनीस स्टेट यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने वाली कैट डेली ने डिग्री मिलने की खुशी को कुछ अलग अंदाज में सेलिब्रेट करने का फैसला किया. उन्होंने अपनी नेवी ब्लू ग्रेजुएशन गाउन पहनी और सीधे पानी के बीच पहुंच गईं. जो करने में अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं, वह उन्होंने 'बिग अल' नाम के 14 फुट लंबे मगरमच्छ के साथ किया. दरअसल उन्होंने मगरमच्छ के साथ फोटोशूट कराया. तस्वीरों में साफ नजर आ रहा है कि कैट ने अपना ग्रेजुएशन कैप मगरमच्छ की नाक पर रखा और उसके बेहद करीब जाकर पोज दिए. इतना ही नहीं, उन्होंने मगरमच्छ के खुले जबड़े के ऊपर किस भी किया, जिसने लोगों को चौंका दिया.
जंगली जानवरों से विशेष लगाव
हालांकि, कैट के लिए यह सब नया नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, वह अपने मंगेतर के साथ 'गेटर कंट्री' नाम का एक रेस्क्यू पार्क चलाती हैं और बचपन से ही जंगली जानवरों के बीच रही हैं. बताया जाता है कि वह सात साल की उम्र से ऐसे जानवरों के आसपास पली-बढ़ी हैं, इसलिए उन्हें मगरमच्छों के व्यवहार का अच्छे से पता है.
वायरल हुईं तस्वीरें
कैट की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग इसे अब तक का सबसे अनोखा ग्रेजुएशन फोटोशूट बता रहे हैं. हालांकि, यह भी साफ है कि ऐसे खतरनाक जानवरों के पास जाना या उनके साथ बिना अनुभव के कोई भी फोटो खिचवाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है. कैट के पास सालों का अनुभव है, इसलिए उन्होंने यह फोटोशूट किया.
ये भी पढ़ें