Indian man
Indian man
अमेरिका में नौकरी करने वाले एक भारतीय ने अपनी कमाई और बचत का ऐसा हिसाब बताया है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. 15 साल से अमेरिका में रह रहे नितिन मल्होत्रा ने बताया कि अमेरिका में उनका सालाना पैकेज करीब 1 करोड़ रुपए है. इसके बावजूद महीने के आखिर में करीब 1,000-1,200 डॉलर ही बच पाते हैं. वहीं भारत में 25 लाख रुपए सालाना के पैकेज पर रहते हुए वे हर महीने करीब 1 से 1.25 लाख रुपए बचा लेते थे.
8 हजार डॉलर की कमाई, पहले ही निकल जाता है बड़ा हिस्सा
इंस्टाग्राम पर शेयर किए वीडियो में नितिन ने अमेरिका में अपनी कमाई और खर्च का पूरा हिसाब बताया. उन्होंने कहा कि उनकी कमाई करीब 8,000 डॉलर है. इसमें से करीब 2,500 डॉलर घर की मॉर्गेज में चले जाते हैं. वहीं करीब 1,500 डॉलर टैक्स में कट जाते हैं. इन खर्चों के बाद उनके पास करीब 4,000 डॉलर बचते हैं. लेकिन महीने के बाकी खर्च भी काफी ज्यादा हैं.
कार और हेल्थ इंश्योरेंस में 1 हजार डॉलर
नितिन के दो कारों का इंश्योरेंस कराने में करीब 500 डॉलर हर महीने खर्च होते हैं. वहीं खुद, पत्नी और बच्चे के हेल्थ इंश्योरेंस पर करीब 500 डॉलर और खर्च हो जाते हैं. इसके बाद परिवार के खाने-पीने का खर्च करीब 1,000 से 1,200 डॉलर तक पहुंच जाता है. मेडिकल खर्च, दवाइयां और दूसरे छोटे-बड़े खर्चों में 500 से 800 डॉलर तक चले जाते हैं. फोन और इंटरनेट का बिल अलग है. इन सभी खर्चों के बाद उनके पास महीने में करीब 1,000 से 1,200 डॉलर ही बचते हैं.
भारत में 25 लाख के पैकेज पर होती थी ज्यादा बचत
नितिन ने अमेरिका की कमाई की तुलना भारत में अपनी पुरानी नौकरी से भी की. उनके मुताबिक, भारत में उनका सालाना पैकेज करीब 25 लाख रुपए था. अगर 30 हजार रुपए किराए के घर पर खर्च करने के बाद भी खाना-पीना और दूसरे खर्च किए जाएं, तो वे आराम से 1 से 1.25 लाख रुपए महीने बचा लेते थे. उनका कहना है कि ज्यादा सैलरी का मतलब हमेशा ज्यादा बचत नहीं होता. अमेरिका में घर, टैक्स, इंश्योरेंस और रोजमर्रा की जरूरतों पर होने वाला खर्च भी काफी ज्यादा है.
लोगों ने कहा अमेरिका में क्वालिटी ऑफ लाइफ बेहतर
वीडियो पर लोगों ने अलग-अलग राय दी. एक यूजर ने लिखा, 'मैं आपकी बात समझता हूं भाई, लेकिन मैं वर्क-लाइफ बैलेंस चुनूंगा. जो सिर्फ वही है.' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'अमेरिका महंगा है. मैंने अपनी पूरी जिंदगी भारत में बिताई और हाल ही में अमेरिका आया हूं. क्वालिटी ऑफ लाइफ, भ्रष्टाचार न होना, अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर और इमरजेंसी सर्विसेज का तुरंत मिलना अमेरिका में अच्छा है. लेकिन यहां हमेशा नौकरी जाने का डर रहता है. भारत में कम सैलरी में भी गुजारा हो सकता है, लेकिन अमेरिका में ऐसा नहीं चलेगा.'
किसी ने कहा- भारत में भी 1 लाख बचते, फिर फर्क क्या?
एक यूजर ने लिखा, 'भारत में 1,00,000 रुपए बचते हैं, वो भी 1,200 डॉलर बचने के बराबर ही है. यानी वही बात है. लेकिन क्वालिटी ऑफ लाइफ, माहौल और पर्यावरण भारत से बेहतर है, इसलिए चिंता मत करो, तुम सही जगह पर हो.'
वहीं एक यूजर ने लिखा, 'भारत में प्रदूषण, बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष, 24 घंटे बिजली नहीं, गैस की समस्या, साफ पीने का पानी नहीं, मिलावटी खाना. हर चीज पैसा नहीं है.'
कुछ लोगों ने भारत को ही बेहतर बताया
कुछ यूजर्स ने अमेरिका जाने के फैसले पर भी सवाल उठाए. एक ने लिखा, 'भाई, अमेरिका जाने से पहले आपको इन सब चीजों के बारे में सोचना चाहिए था, है ना? अब हमें ज्ञान क्यों दे रहे हो? हम भारत में बहुत अच्छा कर रहे हैं भाई, हमें कहीं और नहीं जाना.' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'लाइफस्टाइल का क्या? भारत में आपको ऐसा घर, इंफ्रास्ट्रक्चर और सर्विसेज नहीं मिल सकतीं, जब तक आपका पारिवारिक बैकग्राउंड मजबूत न हो.'