29 साल के युवक ने 11वीं मंजिल से लगाई छलांग
29 साल के युवक ने 11वीं मंजिल से लगाई छलांग
जापान में 29 साल के एक युवक ने आत्महत्या की कोशिश में इमारत की 11वीं मंजिल से छलांग लगा दी. युवक खुद तो बच गया, लेकिन नीचे खड़ी 23 साल की युवती के ऊपर गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई. अब युवती के पिता आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला चलाने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि युवक को पता था कि इतनी ऊंचाई से कूदने पर नीचे मौजूद किसी की जान जा सकती है. इस मामले में शुरू की गई ऑनलाइन याचिका पर 45 हजार से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं.
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार हुआ आरोपी
यह घटना 19 जुलाई को जापान के नागोया शहर के साके इलाके में हुई थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिन्सेई तागुची नाम का युवक 11वीं मंजिल से कूदा और नीचे मौजूद 23 साल की टोमोकी इनाबा के ऊपर जा गिरा. इस घटना में युवती को गंभीर चोटें आईं. ज्यादा खून बहने के कारण उसे शॉक लगा. अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ घंटों बाद उसकी मौत हो गई. वहीं, आरोपी की जान बच गई और उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
अगस्त में अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने तागुची को लापरवाही के कारण मौत होने के संदेह में गिरफ्तार किया. फिलहाल मनोचिकित्सक उसकी मानसिक स्थिति का आकलन कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के लिए उसे कानूनी रूप से जिम्मेदार ठहराया जा सकता है या नहीं.
पिता बोले- आरोपी को पता था कि किसी की जान जा सकती है
टोमोकी के पिता केंजी इनाबा आरोपी के खिलाफ हत्या का केस चलाने की मांग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि वह हिरासत केंद्र में आरोपी से तीन बार मिले थे. उनके मुताबिक, बातचीत के दौरान तागुची ने माना था कि उसे पता था कि 11वीं मंजिल से कूदने पर नीचे मौजूद किसी दूसरे व्यक्ति की भी जान जा सकती है.
टीवी असाही को दिए इंटरव्यू में केंजी ने बताया कि आरोपी ने उनसे कहा था, 'आपकी प्यारी बेटी के साथ जो हुआ, उसके लिए मुझे माफ कर दीजिए.' हालांकि, पिता का कहना है कि सिर्फ माफी मांगने से उनकी बेटी की मौत की जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती.
केंजी के मुताबिक, उन्होंने आरोपी से पूछा था कि क्या उसने यह सोचकर छलांग लगाई थी कि नीचे लोग हैं या नहीं और उनकी जान बचेगी या नहीं, इससे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता. उनके अनुसार, आरोपी ने इसका जवाब हां में दिया था.
याचिका पर 45 हजार से ज्यादा लोगों के हस्ताक्षर
केंजी का कहना है कि साके एक व्यस्त मनोरंजन क्षेत्र है, जहां काफी लोग मौजूद रहते हैं. ऐसे में आरोपी को यह अंदाजा होना चाहिए था कि उसकी छलांग से किसी की जान जा सकती है. वह नहीं चाहते कि उनकी बेटी की मौत को महज एक हादसा मानकर मामला खत्म कर दिया जाए.
बेटी को न्याय दिलाने के लिए केंजी ने ऑनलाइन याचिका शुरू की है. इस पर 45 हजार से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं. याचिका में मांग की गई है कि आरोपी के इरादे और उसके कदम से दूसरे लोगों की जान को हुए खतरे को गंभीरता से देखा जाए.
ये भी पढ़ें: