itch scratching
itch scratching
सोचिए... पीठ में खुजली हो रही है और आसपास कोई ऐसा नहीं, जो आपकी पीठ खुजा दे. अब चीन में इसी परेशानी को कारोबार का रूप दे दिया गया है. यहां एक शख्स ने ‘खुजली मिटाने’ की बाकायदा दुकान खोल दी है. ग्राहक बेड पर आराम से लेटते हैं और कर्मचारी खास तरह के नुकीले नेल्स से उनकी पीठ और शरीर को धीरे-धीरे स्क्रैच करते हैं. मजेदार बात यह है कि इस अनोखी सर्विस के लिए लोग पैसे भी खुशी-खुशी खर्च कर रहे हैं.
300 रुपए घंटे में स्क्रैचिंग, मसाज से ज्यादा सुकून देने का दावा
दक्षिणी चीन के शेनझेन शहर में 32 साल के झांग शियाओचियाओ ने सुमा नाम से यह अनोखा कारोबार शुरू किया है. मई की शुरुआत में उन्होंने बाओआन जिले में पहली दुकान खोली और करीब एक महीने बाद फुतियान जिले में दूसरी ब्रांच भी शुरू कर दी. यहां ग्राहक बेड पर पेट के बल लेटते हैं और कर्मचारी खास डिजाइन किए गए नुकीले नेल्स से शरीर को धीरे-धीरे खुजाते हैं.
इस सर्विस के लिए करीब 300 युआन यानी लगभग 3,500 रुपए प्रति घंटे तक चार्ज किए जाते हैं. इसका मकसद सिर्फ खुजली मिटाना नहीं, बल्कि तनाव कम करना और नींद बेहतर करने में मदद करना भी बताया गया है. जरूरत पड़ने पर कर्मचारी शरीर के उस हिस्से को भी स्क्रैच करते हैं, जहां ग्राहक को खुजली महसूस हो रही हो.
मसाज से ज्यादा आराम मिलता है
झांग के मुताबिक, शेनझेन जैसे बड़े शहरों में लोगों की जिंदगी काफी तनावपूर्ण है. ऐसे में उन्हें इस सर्विस की मांग नजर आई. दोनों दुकानों से फिलहाल हर महीने करीब 1 लाख युआन यानी लगभग 11-12 लाख रुपए का सकल कारोबार हो रहा है. उनका दावा है कि बिजनेस अब ब्रेक-ईवन पार कर मुनाफे की तरफ बढ़ चुका है.
उन्होंने बताया कि उनके ग्राहक पुरुष और महिलाएं दोनों हैं, हालांकि करीब 70% ग्राहक पुरुष हैं. कई ग्राहकों का कहना है कि उन्हें यह सर्विस मसाज से भी ज्यादा रिलैक्सिंग लगती है. यही वजह है कि कुछ ग्राहक दोबारा भी दुकान पर पहुंच रहे हैं.
चीन में पहले ऐसा कोई कारोबार नहीं था
झांग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि चीन में इस तरह की सर्विस का कोई स्थापित मॉडल मौजूद नहीं था. इसलिए उन्होंने खुद रिसर्च की और अलग-अलग तरीकों से स्क्रैचिंग तकनीक विकसित की. यानी बिजनेस शुरू करने से पहले उन्होंने यह तक सोचा कि आखिर किस तरह खुजाया जाए कि ग्राहक को सुकून भी मिले और नुकसान भी न हो. उनके मुताबिक, इस काम का आइडिया उन्हें सोशल मीडिया की एक शॉर्ट वीडियो से मिला. वीडियो में एक महिला अपने पति की पीठ खुजा रही थी. कमेंट्स में कई लोगों ने लिखा कि वे भी किसी को पैसे देकर ऐसा करवाना चाहेंगे.
बचपन की याद ने दिया बिजनेस आइडिया
इस वीडियो को देखने के बाद झांग को अपने पिता की याद आई. उनका कहना है कि बचपन में उनके पिता अक्सर उनकी पीठ खुजाते थे और इससे उन्हें इतना सुकून मिलता था कि वे आराम से सो जाते थे. यही पुरानी याद आगे चलकर उनके अनोखे बिजनेस आइडिया की वजह बन गई.
वैसे झांग के लिए नए-नए कारोबार आजमाना कोई नई बात नहीं है. कॉलेज के बाद उन्होंने एक ही साल में सात अलग-अलग नौकरियां कीं. 30 साल की उम्र से पहले उन्होंने क्रॉस-बॉर्डर ई-कॉमर्स से जुड़ी दो कंपनियां भी शुरू कीं, लेकिन दोनों को खास सफलता नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने वी-मीडिया इंडस्ट्री में भी हाथ आजमाया, मगर वहां भी बात नहीं बनी.
अब देशभर में खोलना चाहते हैं 100 स्टोर
अलग-अलग कामों में असफलता के बाद झांग को अब अपनी स्क्रैचिंग सर्विस में उम्मीद नजर आ रही है. उनका लक्ष्य पूरे चीन में इसके 100 आउटलेट खोलना है. इससे भी आगे वे चाहते हैं कि ‘इच-स्क्रैचिंग’ को चीन में बाकायदा एक पहचान वाला पेशा बनाया जाए. हालांकि सोशल मीडिया पर इस अनोखे कारोबार को लेकर लोग मजे लेने से भी पीछे नहीं हैं. एक यूजर ने मजाक में लिखा कि वह झांग से अप्रेंटिसशिप करना चाहता है और फिर शंघाई में अपनी दुकान खोलेगा. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि वे इस सर्विस को आजमाना जरूर चाहेंगे.
ये भी पढ़ें: