मिथुन राशि के जातकों के लिए साल 2026 का नौवां महीना सितंबर मिश्रित परिणाम देने वाला रहेगा. सितंबर में बृहस्पति आपकी राशि के पहले भाव में रहेंगे, जबकि शनि की स्थिति कामकाज में दबाव बढ़ा सकती है. नौवें भाव में राहु की मौजूदगी भाग्य से जुड़े मामलों में कुछ रुकावटें पैदा कर सकती है. हालांकि आपकी राशि के स्वामी बुध और प्रेम के कारक शुक्र की अनुकूल स्थिति कई क्षेत्रों में राहत देने वाली साबित हो सकती है.
करियर में मेहनत का मिलेगा फायदा
सितंबर में करियर के लिहाज से मेहनत करने वालों को अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. दसवें भाव में शनि की स्थिति आपको अपने काम के प्रति गंभीर और अनुशासित बनाएगी. लगातार प्रयास करने से प्रमोशन या पद से जुड़े लाभ मिलने की संभावना बन सकती है. हालांकि बृहस्पति की प्रतिकूल स्थिति के कारण काम का दबाव बढ़ सकता है. वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों के साथ तालमेल बनाए रखना जरूरी होगा. कारोबार करने वाले जातकों के लिए सितंबर का महीना बेहतर रह सकता है. एक से अधिक बिजनेस डील से अच्छा मुनाफा मिलने के योग हैं. साझेदारी में व्यापार करने वालों को भी लाभ मिल सकता है.
आर्थिक स्थिति रहेगी सामान्य
सितंबर में धन के मामले में औसत परिणाम मिलने के संकेत हैं. पैतृक संपत्ति से लाभ की संभावना बन सकती है. हालांकि जीवनसाथी की सेहत से जुड़े खर्चे आपकी बचत और आर्थिक योजनाओं को प्रभावित कर सकते हैं. सितंबर महीने में अचानक धन लाभ के अवसर भी सामने आ सकते हैं, लेकिन धन के मामलों में जल्दबाजी से बचना बेहतर रहेगा.
स्वास्थ्य को लेकर रहें सतर्क
मिथुन राशि वालों का स्वास्थ्य इस महीने सामान्य रह सकता है. बृहस्पति की स्थिति के कारण कंधे और गर्दन में दर्द या अकड़न जैसी परेशानियां हो सकती हैं. ऐसे में नियमित व्यायाम, योग और ध्यान को दिनचर्या में शामिल करना फायदेमंद रहेगा. पिता की सेहत को लेकर भी चिंता हो सकती है और उन पर खर्च बढ़ने की संभावना है.
कैसा रहेगा प्रेम और वैवाहिक जीवन
प्रेम और वैवाहिक जीवन के लिए सितंबर सकारात्मक रह सकता है. शनि की स्थिति आपको रिश्ते के प्रति अधिक जिम्मेदार और प्रतिबद्ध बनाएगी. शुक्र की अनुकूल स्थिति से पार्टनर के साथ प्रेम और आपसी समझ बेहतर हो सकती है. हालांकि बृहस्पति के प्रभाव से अहंकार या जिद रिश्ते में तनाव पैदा कर सकती है. ऐसे में बातचीत में संयम रखें. पारिवारिक जीवन में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं. परिवार के सदस्यों के साथ छोटी-छोटी बातों पर बहस होने की आशंका है. हालांकि 7 सितंबर से बुध की स्थिति परिवार में खुशी और संतुष्टि बढ़ाने में मदद कर सकती है. घर में सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए एक-दूसरे की भावनाओं को समझना जरूरी होगा.
उपाय
1. रोजाना नारायणीयम का पाठ करें.
2. गुरुवार को बृहस्पति ग्रह के लिए यज्ञ-हवन करें.
3. नियमित रूप से 41 बार ॐ नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जाप करें.