स्नान सिर्फ शरीर की सफाई के लिए ही नहीं, बल्कि मन को शांत रखने के लिए भी जरूरी माना जाता है. ज्योतिष में स्नान का संबंध ग्रहों से भी बताया गया है. मान्यता है कि रोज स्नान करने से चंद्रमा और शुक्र से जुड़े लाभ मिल सकते हैं. वहीं, कुछ खास चीजें पानी में मिलाकर स्नान करने से ग्रहों को मजबूत किया जा सकता है.
ज्योतिष के अनुसार सूर्य का संबंध यश, सम्मान और आत्मविश्वास से माना जाता है. सूर्य को मजबूत करने के लिए उगते सूर्य के सामने स्नान करने की बात कही गई है. पानी में केसर, लाल फूल या लाल चंदन मिलाकर स्नान करना भी शुभ माना जाता है.
चंद्रमा का संबंध मन से माना जाता है. ज्योतिष में इसे नींद और भावनाओं से भी जोड़ा जाता है. चंद्रमा को मजबूत करने के लिए शंख में पानी भरकर स्नान करने या पानी में सुगंधित फूल और सफेद चंदन मिलाने की सलाह दी गई है.
मंगल को साहस और ऊर्जा से जोड़ा जाता है. मंगल से जुड़े उपाय के लिए पानी में बेल की छाल, लाल चंदन या गुड़ डालकर स्नान करने की मान्यता है. तांबे के बर्तन में रखा पानी भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
बुध का संबंध त्वचा, वाणी और आर्थिक स्थिति से माना जाता है. बुध के लिए पानी में गोरोचन, सौंफ या जायफल डालकर स्नान करने की बात कही गई है.
बृहस्पति को ज्ञान और सुख से जोड़ा जाता है. इसके लिए पानी में हल्दी, केसर या शहद मिलाकर स्नान करने की मान्यता है. पीतल के बर्तन में रखा पानी भी उपयोग किया जा सकता है.
शुक्र को सुख, परिवार और सुंदरता से जोड़ा जाता है. शुक्र के लिए पानी में इलायची, गुलाब जल या सफेद फूल डालकर स्नान करने की बात कही गई है.
ज्योतिष में शनि को नौकरी और करियर से जोड़ा जाता है. शनि से राहत के लिए पानी में काले तिल, सुरमा या लोबान डालकर स्नान करने की मान्यता है. लोहे के बर्तन में रखा पानी भी इसके लिए बताया गया है.