आम जीवन में हम लोगों से काम या भावनाओं के लिए जुड़ते हैं, उस समय व्यक्ति पर भरोसा करते हैं. जब वह व्यक्ति हमारे भरोसे के अनुरूप काम नहीं करता या भरोसे के विपरीत काम करता है तो इसे धोखा कहा जाता है. प्रसिद्ध ज्योतिषी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि ज्योतिष में भरोसा तोड़ने और धोखा देने लिए चार ग्रह चन्द्र, बुध, शनि और राहु की भूमिका होती है. हालांकि अन्य ग्रह भी समय समय पर इसमें भूमिका निभाते हैं. जल तत्व की राशियों को सबसे ज्यादा धोखा मिलता है और पृथ्वी तत्व की राशियां सबसे ज्यादा धोखा देती हैं.
कब मिलता है कारोबार के मामले में धोखा
कुंडली का सप्तम भाव कमजोर हो तो कारोबार में धोखा होता है. अगर अष्टम भाव में पाप ग्रह हों तो भी धोखा हो जाता है. राहु का सूर्य या चन्द्र पर प्रभाव होने से कारोबार में धोखा हो जाता है. बुध के कमजोर होने पर भी धोखे की सम्भावना ज्यादा होती है.
उपाय: साझेदारी में कभी भी व्यवसाय न करें. व्यवसाय का लेन-देन मंगलवार और बुधवार को न करें. नित्य प्रातः गणेश जी को दूर्वा अर्पित करें.
प्रेम और विवाह के मामलों में कब मिलता है धोखा
शुक्र के साथ सूर्य या मंगल का सम्बन्ध हो तो इस तरह का धोखा होता है. सप्तम भाव में चन्द्र या बृहस्पति हों तो विवाह में धोखा मिलता है. बृहस्पति खराब हो तो भी विवाह में धोखा मिलता है. पति पत्नी के ग्रहों में शत्रुता हो तो भी विवाह में धोखा मिलता है.
उपाय: बहुत ज्यादा अपेक्षाएं न पालें. काले और भूरे रंग का प्रयोग कम से कम करें. राधा-कृष्ण को रोज प्रातः गुलाबी फूल अर्पित करें. अगर धोखे के योग प्रबल हों तो हीरा कभी न पहनें.
दोस्ती में कब मिलता है धोखा
चन्द्र या शुक्र के खराब होने पर हमेशा दोस्ती में सावधानी रखनी चाहिए. ऐसी दशा में धोखे की सम्भावना ज्यादा होती है. अगर बुध खराब हो तो दोस्ती स्वार्थ के लिए की जाती है और स्वार्थ पूर्ति के बाद टूट जाती है. जिनकी कुंडलियों में बृहस्पति मजबूत हो, ऐसे लोग जानबूझकर धोखा खाते हैं.
उपाय: नित्य प्रातः सूर्य देव को जल अर्पित करें. भगवान कृष्ण को रोज प्रातः पीले फूल अर्पित करें. एक लोहे का छल्ला मध्यमा अंगुली में धारण करें. गार्नेट धारण करने से भी लाभ होता है.
संपत्ति और रिश्तों में धोखे से बचने के उपाय
संपत्ति बेचने में समस्या हो तो हर मंगलवार हनुमान जी के मंदिर में लाल फूल चढ़ाएं और निर्धन लोगों को मिठाई का दान करें. पड़ोसी या रिश्तों में समस्या हो तो मंगलवार को लाल फल का दान करें.
किसी भी तरह के धोखे से बचने के लिए क्या करें
नित्य प्रातः सूर्य देव को जल अर्पित करें. प्रातः और शाम को शनि मंत्र का जप करें. हर शनिवार पीपल के नीचे दीपक जलाएं. एक सोने या पीतल का छल्ला धारण करें.