1 जुलाई 2026 से पैसे, बैंक, टैक्स, आधार, पासपोर्ट और क्रेडिट कार्ड से जुड़े कई नए नियम लागू होने जा रहे हैं. इनका असर करोड़ों लोगों पर पड़ेगा. ऐसे में जरूरी है कि आपको इन बदलावों की जानकारी पहले से होनी चाहिए. अगर ऐसा होता है तो आप बिना किसी परेशानी के अपने जरूरी काम समय पर कर सकेंगे. चलिए आसान भाषा में आपको बताते हैं कि 1 जुलाई से क्या-क्या बदलने वाला है.
अगर आपको इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरना है, तो इसकी आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 है. अगर आप समय पर रिटर्न नहीं भरते हैं, तो जुर्माना देना पड़ सकता है. साथ ही बाद में टैक्स से मिलने वाले फायदे भी नहीं मिलेंगे. इसलिए आखिरी दिन का इंतजार न करते हुए टाइम से अपना ITR भर दें.
अगर आपके आधार कार्ड में पुराना ईमेल जुड़ा हुआ है, या फिर आपने नया ईमेल बनाया है, तो अब उसे अपडेट कराने के लिए कोई फीस नहीं देनी पड़ेगी. पहले इसके लिए 75 रुपए लगते थे. लेकिन अब आप इस फ्री सुविधा का लाभ 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक उठा सकते हैं. इस अपडेट को करने के लिए आप आधार मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं.
PhonePe SBI Credit Card PURPLE और PhonePe SBI Credit Card SELECT BLACK इस्तेमाल करने वालों के लिए 1 जुलाई से नए नियम लागू होंगे. अब हर तरह की परचेज पर रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलेंगे. इसके अलावा कितने रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलेंगे, इसकी भी एक लिमिट तय कर दी गई है. इसलिए कार्ड इस्तेमाल करने से पहले नए नियम जरूर देख लें.
अगर आप HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड से फ्री एयरपोर्ट लाउंज सुविधा का इस्तेमाल करते हैं, तो अब इसके लिए पहले से खर्च करना जरूरी होगा. जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान यह सुविधा तभी मिलेगी, जब आपने अप्रैल से जून 2026 के बीच अपने कार्ड से कम से कम 60000 रुपए खर्च किए हों.
1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना पहले से महंगा हो जाएगा. चाहे आप नॉर्मल पासपोर्ट बनवाएं या तत्काल पासपोर्ट, दोनों की फीस बढ़ाई गई है. अगर आप जल्द पासपोर्ट बनवाने वाले हैं, तो नई फीस जरूर देख लें.
कई बार बैंक बिना पूरी जानकारी दिए कोई योजना या बीमा बेच देते हैं. इससे लोगों को बाद में नुकसान होता है. अब ऐसा होने पर बैंक को आपका पूरा पैसा वापस करना होगा. अगर नुकसान हुआ है, तो उसका मुआवजा भी देना पड़ सकता है.