Business Loan: आप भी लेना चाहते हैं बिजनेस लोन... तो इन 5 बातों को जरूर समझ लें... तभी समय से भर पाएंगे EMI... कारोबार भी बढ़ेगा

Business Loan Tips: किसी बिजनेस को शुरू करने या उसे बढ़ाने के लिए लोन लेना गलत नहीं है लेकिन लोन लेने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. बिना सही योजना के लोन लेने पर आगे चलकर यह बिजनेस के लिए परेशानी बन सकता है.  EMI का बोझ संभालना मुश्किल हो सकता है. यदि आप बिजनेस लोन लेने की सोच रहे हैं तो यहां आप जान सकते हैं कि किन 5 बड़ी गलतियों से बचना बेहद जरूरी है.

Business Loan Tips
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 23 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:45 AM IST

डिजिटल प्लेटफॉर्म और फिनटेक कंपनियों के आने से आज के समय में बस कुछ डाक्यूमेंट्स जमा करने के बाद बिजनेस लोन (Business Loan) आसानी से मिल जा रहा है. किसी बिजनेस को शुरू करने या उसे बढ़ाने के लिए लोन लेना गलत नहीं है लेकिन लोन लेने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. बिना सही योजना के लोन लेने पर आगे चलकर यह बिजनेस के लिए तो परेशानी बनेगा ही EMI का बोझ संभालना भी मुश्किल हो सकता है. यदि आप बिजनेस लोन लेने की सोच रहे हैं तो यहां आप जान सकते हैं कि किन 5 बड़ी गलतियों से बचना बेहद जरूरी है. 

1. अपनी EMI चुकाने की क्षमता जरूर जांचें
बिजनेस लोन लेने से पहले सबसे जरूरी बात यह कि आप अपनी लोन की EMI चुकाने की क्षमता जरूर जांचें. अधिकतर लोग लोन लेते समय यह नहीं देखते हैं कि वे लोन की किस्तें यानी ईएमआई आसानी से चुका पाएंगे या नहीं. कई लोगों को सिर्फ इस बात की जल्दी होती है कि किसी तरह से पैसे मिल जाएं. यह बहुत बड़ी गलती है. बिजनेस लोन लेने से पहले अपने बिजनेस से होने वाली कमाई, खर्च और मौजूदा वित्तीय जिम्मेदारियों का आकलन करना जरूरी है. जानकारों के मुताबिक यदि बिजनेस का कैश फ्लो मजबूत है तभी बिजनेस बढ़ाने के लिए लोन लेना समझदारी है.

2. ठीक से समझें लोन की शर्तें
बिजनेस लोन लेने से पहले अलग-अलग बैंकों के लोन ऑफर की तुलना जरूर करें. ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस और लोन अवधि की तुलना करने के बाद जहां बेहतर विकल्प मिले उसे चुनना चाहिए. लोन लेने से पहले उसकी शर्तों को ठीक से जरूर समझना चाहिए क्योंकि लोन की रकम के साथ इसके साथ जुड़ी शर्तें भी बड़ी अहम होती हैं. आपका मालूम हो कि सही लोन स्ट्रक्चर चुनने से बाद में आर्थिक दबाव कम रहता है.

3. क्रेडिट स्कोर को रखें मजबूत
आपको मालूम हो कि लोन देने से पहले बैंक और वित्तीय संस्थान क्रेडिट हिस्ट्री और भुगतान का रिकॉर्ड देखते हैं. यदि किसी कारोबारी का क्रेडिट स्कोर अच्छा है. उसने पहले का लोन टाइम पर चुकाया है तो उसे आसानी से लोन मिल जाता है. ऐसे में लोन लेने से पहले अपने क्रेडिट स्कोर को मजबूत बनाए रखें. 

4. न लें जरूरत से ज्यादा लोन 
कई बार कारोबारी बिजनेस को बढ़ाने या नया बिजनेस शुरू करने के लिए जरूरत से ज्यादा लोन ले लेते हैं. इन पैसों का सिर्फ बिजनेस में ही नहीं बल्कि कई अन्य जगहों पर भी खर्च कर देते हैं, जो गलत है. अधिक लोन यानी कर्ज का मतलब है ज्यादा ईएमआई और ज्यादा ब्याज. अधिक लोन लेने पर बिजनेस की वित्तीय स्थिति पर दबाव बढ़ सकता है. ऐसे में उतना ही लोन लेना चाहिए, जितने की जरूरत होती है. 

5. बिना प्लान के न लें बिजनेस लोन
कई कारोबारी अलग-अलग जगहों से एक साथ ढेर सारा लोन ले लेते हैं. इन लोन का शुरुआत में ब्याज तो चुका देते हैं लेकिन बाद में एक साथ कई ईएमआई का बोझ संभालना मुश्किल हो जाता है. इससे बिजनेस की कैश फ्लो मैनेजमेंट पर भी असर पड़ता है. ईएमआई समय पर नहीं भरने से लेट फाइन देना पड़ता है. इसके साथ ही क्रेडिट स्कोर पर भी निगेटिव प्रभाव पड़ता है. ऐसे में बिना प्लानिंग के लिया गया लोन आगे चलकर फाइनेंशियल दबाव बढ़ा सकता है. ऐसे में बिजनेस लोन को बिना प्लान बनाएं न लें. आपको मालूम हो कि सही योजना और समझदारी के साथ लिया गया बिजनेस लोन व्यापार को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद करता है. 

 

Read more!

RECOMMENDED