Advertisement

Gold-Silver Price Today: लगातार तीसरे दिन गिरा सोना, दाम मे बड़ी कटौती, जानें क्या रहा चांदी का ताजा हाल

देश में सोने की कीमतों में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई है. बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोना 800 रुपए सस्ता होकर 10 ग्राम के लिए 1,48,450 रुपए पर पहुंच गया. हालांकि, इस दौरान चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ.

Gold Price Crash
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:51 PM IST

जहां सोने चांदी की कीमत ने बीते दिनों में महंगाई की सारे रिकार्ड्स तोड़ दिए थे, वहीं अब इसकी कीमत में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना मंगलवार को 1,49,250 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 800 रुपए टूटकर 1,48,450 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया. वहीं, चांदी की कीमत 2,39,800 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर स्थिर बनी रही. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर कमजोर रुझान, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने निवेशकों का रुख प्रभावित किया है.

कारोबारियों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ने की आशंका मजबूत हुई है. इसके चलते अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड और डॉलर दोनों मजबूत हुए, जिसका सीधा असर सोने जैसी कीमती धातुओं की मांग पर पड़ा और बुलियन बाजार दबाव में आ गया.

विदेशी बाजार में भी सोने-चांदी में कमजोरी
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी के कारण भी सोने की कीमतों में गिरावट जारी रही. स्पॉट गोल्ड 49.46 डॉलर यानी करीब 1.2 प्रतिशत गिरकर 4,056.24 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं, चांदी भी फिसलकर 58.61 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखाई दी.

मिराए एसेट शेयरखान के हेड ऑफ कमोडिटीज प्रवीण सिंह ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ अंतरिम शांति समझौते को खत्म घोषित किए जाने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव फिर बढ़ गया है. इसके चलते कच्चे तेल की कीमतों में करीब 7 प्रतिशत की तेजी आई. ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ने की आशंका है, जिससे ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं. इसी उम्मीद में डॉलर इंडेक्स और ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड मजबूत हुए, जिसका असर सोने की कीमतों पर पड़ा.

अब निवेशकों की नजर FOMC बैठक की कार्यवाही पर
ऑगमोंट की हेड ऑफ रिसर्च रेनीशा चैनानी के मुताबिक, निवेशक अब 16-17 जून को हुई फेडरल रिजर्व की एफओएमसी बैठक की कार्यवाही (Minutes) का इंतजार कर रहे हैं. इससे ब्याज दरों की भविष्य की दिशा को लेकर संकेत मिल सकते हैं, जिसका असर आगे सोने और चांदी की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement