आज के समय में गांव और छोटे शहरों में कम निवेश वाले कारोबार की मांग बढ़ रही है. ऐसे में कड़कनाथ पोल्ट्री फार्मिंग कम जमीन और कम बजट में शुरू किया जाने वाला एक काम बन सकता है. कड़कनाथ मुर्गे की खास पहचान उसका काला मांस और अलग तरह के अंडे हैं. इसी वजह से बाजार में इसकी सामान्य मुर्गी से अलग मांग देखी जाती है. माना जाता है कि इसके अंडो में भी ज्यादा प्रोटीन होता है, इसलिए इनकी डिमांड भी ज्यादा होती है.
बिजनेस में पहले ट्रेनिंग है जरूरी
कड़कनाथ मुर्गी पालन शुरू करने से पहले इसकी सही जानकारी होना जरूरी है. खास सेंटर से ट्रेनिंग लेकर चूजों की देखभाल, दाना देने, सफाई और बीमारी से बचाने के तरीके सीखे जाना जरूरी है. साथ ही उन्हें पालने के लिए भी फार्म के लिए ऐसी जगह चुनना बेहतर है, जहां हवा और धूप अच्छी तरह आती हो. साफ पानी और साफ शेड भी बहुत जरूरी है.
कैसे करें बजट को एलॉट
मौजूदा जानकारी पर कड़कनाथ के एक चूजे की कीमत करीब 20 से 25 रुपए हो सकती है. छोटे स्तर पर लगभग 60 हजार रुपए से काम शुरू कर सकते हैं. इसमें आप करीब 25 हजार रुपए चूजे खरीदने, 20 हजार रुपए एक आम टिन शेड बनाने और लगभग 15 हजार रुपए दाना, पानी के बर्तन और दूसरी जरूरी चीजों में लगाए जा सकते हैं. लेकिन असली खर्च जगह और बाजार के हिसाब से बदल सकता है.
1000 चूजों के लिए कितनी जगह जरूरी
करीब 1000 चूजों के पालन के लिए लगभग 2000 वर्ग फुट जगह की जरूरत कम से कम चाहिए होती है. शेड सूखा और हवादार भी होना चाहिए. चूजों की अच्छी सेहत के लिए सफाई, सही तापमान और समय पर टीकाकरण पर ध्यान देना जरूरी है. नए किसान छोटे स्तर से शुरुआत करके धीरे-धीरे कारोबार बढ़ा सकते हैं.
कितने समय में मिलने लगेगा रिटर्न
कड़कनाथ को तैयार होने में करीब 5 से 6 महीने लग सकते हैं. इसके बाद मादा मुर्गियों से अंडे मिलते हैं और नर मुर्गों को मांस के लिए बेचा जा सकता है. कड़कनाथ अंडे की कीमत करीब 25 से 30 रुपए प्रति पीस और मांस की कीमत करीब 800 से 1000 रुपए प्रति किलो रह सकती है. लेकिन बाजार में कीमत उपर-नीचे होती रहती है.
बिजनेस से पहले चेक करें मार्केट भी
फार्म शुरू करने से पहले लोकल बाजार में कड़कनाथ की मांग और कीमत जरूर पता करें. होटल, रेस्टोरेंट, दुकानदार और सीधे ग्राहकों से संपर्क बनाना बिक्री में मदद कर सकता है. सही देखभाल और बेहतर बाजार व्यवस्था के साथ कड़कनाथ पोल्ट्री फार्मिंग को धीरे-धीरे बड़ा किया जा सकता है.