Rule Change 1st June: LPG से UPI तक... 1 जून से बदल जाएंगे ये 6 बड़े नियम, जेब पर पड़ेगा असर!

New Rules June 2026: 1 जून से गैस सिलेंडर की कीमतों, बैंकिंग सेवाओं, UPI पेमेंट, रेलवे और PAN कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव देखने को मिल सकता है. इन बदलावों का असर सीधे आपकी जेब, यात्रा और फाइनेंशियल प्लानिंग पर पड़ सकता है.

latest rule changes from 1st june
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 28 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:04 PM IST

मई का महीना खत्म होने जा रहा है और जून की शुरुआत के साथ आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई अहम नियम बदल सकते हैं. हर महीने की तरह इस बार भी 1 जून से गैस सिलेंडर की कीमतों, बैंकिंग सेवाओं, UPI पेमेंट, रेलवे और PAN कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव देखने को मिल सकता है. इन बदलावों का असर सीधे आपकी जेब, यात्रा और फाइनेंशियल प्लानिंग पर पड़ सकता है. ऐसे में जरूरी है कि आप पहले से इन नए नियमों की जानकारी रखें ताकि बाद में किसी परेशानी या अतिरिक्त खर्च का सामना न करना पड़े.

UPI पेमेंट में दिखेगा असली नाम
डिजिटल पेमेंट करने वालों के लिए जून का महीना बड़ा बदलाव लेकर आ सकता है. NPCI ने UPI फ्रॉड रोकने के लिए नया सिस्टम लागू करने की तैयारी की है. इसके तहत अब किसी को पैसा भेजने से पहले केवल वही नाम दिखाई देगा जो बैंक में रजिस्टर्ड होगा. यानी QR कोड, मोबाइल नंबर या किसी फर्जी नाम की जगह अब असली beneficiary का verified नाम दिखेगा. इससे गलत अकाउंट में पैसा भेजने और फर्जीवाड़े के मामलों में कमी आने की उम्मीद है.

LPG सिलेंडर के दाम फिर बदल सकते हैं
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG और CNG-PNG के दामों की समीक्षा करती हैं. मई में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई थी, जिसका असर होटल, ढाबों और छोटे कारोबारियों पर पड़ा. हालांकि घरेलू सिलेंडर के दाम नहीं बढ़ाए गए थे. अब 1 जून से फिर नए रेट जारी हो सकते हैं. ऐसे में लोगों की नजर गैस सिलेंडर की कीमतों पर बनी हुई है.

रेलवे यात्रियों को हो सकती है परेशानी
जून 2026 में रेलवे कई जगहों पर ट्रैक अपग्रेड और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम करने जा रहा है. इसके चलते करीब 77 ट्रेनें रद्द की जा सकती हैं जबकि कई ट्रेनों के रूट और समय में बदलाव होगा. इसका असर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा समेत कई राज्यों में देखने को मिलेगा. रेलवे ने यात्रियों को सफर से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक करने की सलाह दी है.

PAN कार्ड के नियम हुए सख्त
इनकम टैक्स से जुड़े PAN नियमों में भी बदलाव किए गए हैं. अब कुछ लेनदेन में PAN देना जरूरी नहीं होगा, जबकि कई मामलों में नियम और सख्त कर दिए गए हैं. पहले एक दिन में 50 हजार रुपये से ज्यादा कैश जमा करने पर PAN जरूरी था, लेकिन अब यह शर्त हटा दी गई है. वहीं दूसरी तरफ 45 लाख रुपये से ज्यादा की प्रॉपर्टी डील, गिफ्ट डीड और Joint Development Agreement में PAN अनिवार्य कर दिया गया है. इसके अलावा साल भर में 10 लाख रुपये से ज्यादा कैश निकासी पर भी PAN रिपोर्टिंग लागू रहेगी. सरकार ने पुराना Form 60 हटाकर नया Form 97 भी लागू किया है.

सोलर पैनल खरीदना हो सकता है महंगा
1 जून 2026 से सोलर पैनल से जुड़े नए ALMM नियम लागू किए जाएंगे. अब सरकारी योजनाओं और सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में केवल उन्हीं सोलर मॉड्यूल और सेल का इस्तेमाल होगा जो सरकार की Approved List में शामिल होंगे. माना जा रहा है कि इससे सोलर पैनल की कीमतें बढ़ सकती हैं. हालांकि सरकार का कहना है कि इससे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग और बेहतर क्वालिटी को बढ़ावा मिलेगा.

ATM और बैंकिंग नियमों में भी बदलाव संभव
कई बैंक जून से ATM ट्रांजैक्शन फीस, फ्री कैश निकासी लिमिट और FD ब्याज दरों में बदलाव कर सकते हैं. कुछ बैंकों ने पहले ही डेली कैश विड्रॉल लिमिट में बदलाव किए हैं. वहीं RBI की नीतियों और रेपो रेट के आधार पर FD ब्याज दरों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. ऐसे में ग्राहकों को अपने बैंक के नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखनी चाहिए. जून की शुरुआत कई नए बदलावों के साथ होने जा रही है. इसलिए बेहतर होगा कि आप पहले से इन नियमों की जानकारी रखें और अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग उसी हिसाब से करें.
 

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED