Gold and Silver Price 27 May 2026
Gold and Silver Price 27 May 2026
राजधानी दिल्ली में बुधवार को सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच 10 ग्राम सोना 1,100 रुपए सस्ता होकर 1,61,300 रुपए पर पहुंच गया. इससे पहले मंगलवार को 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,62,400 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था. बाजार जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और डॉलर की मजबूत स्थिति का असर सीधे तौर पर सोने की कीमतों पर दिखाई दे रहा है.
चांदी में भी दिखी बड़ी कमजोरी
सिर्फ सोना ही नहीं, चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट देखने को मिली. बुधवार को चांदी 3,300 रुपए टूटकर 2,69,700 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 2,73,000 रुपए प्रति किलो था. यानी एक दिन में चांदी के दाम में अच्छी-खासी नरमी दर्ज हुई.
अमेरिका-ईरान तनाव का बाजार पर असर
जानकारों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब कीमती धातुओं के बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है. निवेशक लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. इसी बीच डॉलर को सुरक्षित निवेश के तौर पर ज्यादा तवज्जो मिलने लगी, जिससे सोने और चांदी जैसे कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ गया. विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. ऐसे में ऊर्जा कीमतों के बढ़ने और वैश्विक व्यापार प्रभावित होने की आशंका ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है.
महंगाई और ब्याज दरों की चिंता भी बनी वजह
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, बढ़ती भू-राजनीतिक हलचल के बीच यह डर भी सता रहा है कि महंगाई लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती है. अगर ऐसा होता है तो अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लंबे समय तक सख्त रख सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि ऊंची ब्याज दरें आमतौर पर सोने और चांदी जैसी धातुओं के लिए अच्छी खबर नहीं मानी जातीं, क्योंकि ऐसे समय में निवेशक दूसरे विकल्पों की तरफ रुख करते हैं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी फिसला गोल्ड-सिल्वर
वैश्विक बाजार में भी स्पॉट गोल्ड 1.03 फीसदी गिरकर 4,461.02 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं चांदी करीब 3 फीसदी टूटकर 74.96 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार करती नजर आई.
जानकारों के मुताबिक, मंगलवार की गिरावट के बाद बुधवार को भी बाजार दबाव में बना दिखाई दिया. डॉलर मजबूत होने और अमेरिका की ओर से ईरान में नई सैन्य कार्रवाई की खबरों ने निवेशकों को सुरक्षित विकल्प की ओर धकेला.
निवेशकों की नजर अब इन आंकड़ों पर
अब बाजार की नजर अमेरिका से आने वाले अहम आर्थिक आंकड़ों पर टिकी हुई है. निवेशक साप्ताहिक ADP रोजगार आंकड़ों और गुरुवार को आने वाले पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) डेटा का इंतजार कर रहे हैं. यह आंकड़े आगे ब्याज दरों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं, जिसका असर सोना-चांदी की मांग पर भी देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें