अगर आप नई मारुति सुजुकी कार खरीदने का सोच रहे हैं, यह खबर आपके लिए है. देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है. कंपनी ने बताया है कि अगस्त 2026 से उसकी गाड़ियों की कीमतों में अधिकतम 30 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी. चलिए आपको खबर डीटेल में बताते हैं.
BSI फाइलिंग में दी जानकारी
मारुति सुजुकी ने इस फैसले की जानकारी बीएसई में की गई फाइलिंग के जरिए दी है. कंपनी का कहना है कि बढ़ती इनपुट कॉस्ट यानी उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी के कारण उसे यह फैसला लेना पड़ा है. पिछले दो महीनों में यह दूसरा मौका है, जब कंपनी ने अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है. इससे पहले जून 2026 में भी कंपनी ने अलग-अलग मॉडलों की कीमतों में अधिकतम 30 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की थी.
क्यों बढ़ाए जा रहे हैं दाम?
कंपनी के अनुसार, उसने काफी समय तक कारों की कीमतों को नियंत्रित रखने की कोशिश की, ताकि ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े. लेकिन लगातार बढ़ती लागत के कारण अब कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है. मारुति का कहना है कि उसने इस बढ़ोतरी का असर ग्राहकों पर कम से कम रखने की पूरी कोशिश की है.
हर मॉडल पर अलग होगा असर
कंपनी ने साफ किया है कि सभी कारों की कीमत 30 हजार रुपये नहीं बढ़ेगी. अलग-अलग मॉडलों पर कीमतों में अलग-अलग बढ़ोतरी होगी. जून में हुई प्राइस हाइक के दौरान भी सभी गाड़ियों पर एक जैसी बढ़ोतरी नहीं की गई थी. फिलहाल कंपनी के पोर्टफोलियो में एस-प्रेसो, ऑल्टो K10 जैसी एंट्री लेवल कारों से लेकर जिम्नी, ग्रैंड विटारा और इनविक्टो जैसी प्रीमियम एसयूवी और एमपीवी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: